Bihar Flood झारखंड में हो रही बारिश के कारण बिहार के गया और जहानाबाद के कई गांवों में पानी प्रवेश कर गया है। घरों में पानी के प्रवेश करने की वजह से लोग सड़कों पर रहने को मजबूर हो गए हैं।
Bihar Flood झारखंड में हो रही बारिश से बिहार के सीमावर्ती जिलों में बाढ़ आ गई है।बिहार के बोधगया में कई गांवों के अंदर बाढ़ का पानी घुस गया है। बोधगाया में मुहाने नदी में अचानक से तेज पानी आने की वजह से आयी है। बाढ़ का पानी आबादी वाले इलाकों में प्रवेश करने से घर और दुकानें जलमग्न हो गईं। दूसरी ओर, उदेरा स्थान बराज से 1.26 लाख क्यूसेक पानी छोड़े की वजह से फल्गू नदी भी उफान पर है। इससे जहानाबाद जिले में हालात बिगड़ गए। नदी में 3 जगहों पर तटबंध टूटने की सूचना है। शुक्रवार देर रात बाढ़ का पानी जहानाबाद-बिहारशरीफ नेशनल हाइवे (एनएच) 33 पर चढ़ गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया।
जहानाबाद जिले के चुनूकपुर, मननपुर, भारथू, परियामा समेत एक दर्जन गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। इससे घर,सड़कें तक डूब गईं हैं। शुक्रवार को बोधगया के बसाढ़ी, सिलौंजा, बतसपुर समेत कई गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया। इससे सिलौंजा में रोड तक पानी पहुंच गया है। इसकी वजह से बोधगया का इटवां-मोहनपुर से संपर्क टूट गया। शुक्रवार देर रात गयाजी के डीएम शशांक शुभंकर गांव में पहुंचे और हालात का जायजा लिया है। यहां पर एसडीआरएफ की टीम को रेस्क्यू में लगाया गया है।
बसाढ़ी पैक्स गोदाम में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने के कारण इसमें वहां रखा चावल और गेहूं बर्बाद हो गया। कई इलाके में बिजली की आपूर्ति भी ठप हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार मुहाने नदी पर बने डैम के कारण मोराटाल पइन में हर साल पानी भर जाता है। यह समस्या पिछले कई सालों से बनी हुई है। प्रति वर्ष किसानों की फसल बर्बाद हो जाती है। लेकिन, इसका सरकार अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल पाई है।