
गाजियाबाद. नगर कोतवाली क्षेत्र की पंजाब कॉलोनी में रेलवे कर्मचारी की हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि मंगलवार की देर शाम गाजियाबाद मसूरी थाना इलाके के डासना पठान चौक पर एक युवक की रंजिश में ताबड़तोड़ चाकू से वार कर हत्या का मामला सामने आ गया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। इस हत्या का आरोप इलाके के ही 5 लोगों पर लगा है। फिलहाल पांचों फरार है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
दरअसल, यह वारदात मसूरी थाना इलाके के डासना की है। जहां पर फल बेचने वाले युवक कमालुद्दीन से आपसी रंजिश में पड़ोस के रहने वाले कुछ युवकों ने पहले गाली-गलौच की। फिर चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर हालत में उसे एमएमजी में भर्ती कराया गया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश में जुट गई।
एसपी देहात नीरज कुमार जादौन ने बताया कि थाना मसूरी इलाके में रहने वाले एक फल विक्रेता को कुछ लोगों के द्वारा चाकू से गोदकर घायल कर दिया गया था, जिसे आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले 5 लोगों पर हत्या के आरोप लगाए हैं। तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों की तलाश की जा रही है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।