गाज़ियाबाद

बागपत जेल में मुन्‍ना बजरंगी की हत्‍या के बाद अब इस जेल में भाजपा के हत्‍यारोपी पर जानलेवा हमला!

डासना जेल में बंद बंदी की पत्‍नी ने कोर्ट में दायर कर याचिका, अदालत ने एसएसपी व जेल अधीक्षक से मांगी रिपोर्ट
2 min read
• •
Updated: 12 Jul 2018, 11:49 AM IST
Dasna Jail
बागपत जेल में मुन्‍ना बजरंगी की हत्‍या के बाद अब इस जेल में भाजपा के हत्‍यारोपी पर जानलेवा हमला!

गाजियाबाद। बागपत जेल में मुन्ना बजरंगी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से प्रदेश की सभी जेलों में सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद की गई थी। इसके बावजूद गाजियाबाद की डासना जेल में बंदी पर जानलेवा हमला किया गया। यह बंदी भाजपा नेता की हत्या के आरोप में जेल में है। बंदी की पत्‍नी ने आरोप लगाया है कि गुमटी में ले जाकर उसके साथ जमकर मारपीट की गई। इस दौरान उसके सिर में भी गंभीर चोट आई है। इस मामले में उन्‍होंने एडीजे-5 की कोर्ट में याचिका भी दायर की है।

गजेंद्र भाटी की हत्‍या का आरोपी है राजू

डासना जेल में भाजपा नेता गजेंद्र भाटी की हत्‍या का आरोपी राजू बंद है। उसकी पत्‍नी ने कोर्ट में याचिका देकर आरोप लगाया है कि उसके पति पर मंगलवार रात को सात लोगों ने हमला किया है। घायल राजू को जेल के अस्‍पताल में ही रखा गया है। वहां उसकी जान को खतरा है। इस मामले में बंदी राजकुमार उर्फ राजू पहलवान के वकील कुलदीप सिंह का कहना है कि बुधवार को मारपीट की जानकारी मिलने पर राजू की पत्नी अपने पति से मिलाई करने गई थी लेकिन उसे आरक्षी ने रोक दिया।

डिप्‍टी जेलर को थी हमले की जानकारी

राजू की पत्नी ने बताया कि सोमवार को उसके पति की तबीयत अचानक ही खराब हो गई थी। इसके चलते उसे जेल अस्पताल में ही भर्ती कराया गया था। मंगलवार को वह पेशी पर अदालत में आया था। इसके बाद वह देर शाम जेल ले जाया गया। इसके बाद उसके पति पर जाहिद और अनुज समेत अन्‍य लोगों ने हमला कर दिया। उन्‍होंने इस मामले में डिप्टी जेलर व आरक्षी पर भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है क‍ि इनको हमले की जानकारी थी। इसके बावजूद उन्‍होंने राजू को नहीं बचाया।

अदालत ने मांगी रिपोर्ट

वकील कुलदीप ने बताया कि इस मामले में उन्‍होंने राजू की सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की है। उन्‍होंने राजू की जान को खतरा बताते हुए एडीजे-5 जगदीश प्रसाद की अदालत में अप्‍लीकेशन दी है। इसके जरिए उन्‍होंने राजू के बेहतर इलाज कराए जाने और डिप्‍टी जेलर समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की मांग की है। राजकुमार उर्फ राजू पहलवान भाजपा नेता गजेंद्र भाटी की हत्या के मामले में गाजियाबाद की डासना जेल में बंद है। कोर्ट ने इस संबंध में एसएसपी और जेल अधीक्षक को 12 जुलाई तक रिपोर्ट देने को कहा है।

जेल अधीक्षक ने किया इंकार

इस मामले में डासना जेल के अधीक्षक दध‍िराम मौर्य ने राजू पर हमले की बात से इंकार किया है। उनका कहना है क‍ि राजू की दो दिन पहले तबीयत खराब हो गई थी। उसे जेल अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को उसे पेशी के लिए भेजा गया था। शाम को वह बैरक में चला गया था। इस पर जब बंदी रक्षक ने उससे उसका कारण पूछा तो उसने उसे मारने के लिए गमला उठा लिया था। अन्य कैदियों ने उसे काबू में किया। इस दौरान राजू को कुछ चोट लग गई थी।

Published on: