गाज़ियाबाद

यूपी: ईडी की रिमांड अर्जी खारिज, आजम खां को कोर्ट ने 10 दिन के लिए जेल भेजा; चार दिन तक हुई पूछताछ

Azam Khan 10 Days Jail: आजम खां को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 10 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए कोर्ट ने उन्हें 26 नवंबर तक जेल में रखने का आदेश दिया। वहीं, इलाहाबाद हाईकोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई जारी है।
3 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 1:17 PM IST
azam-khan
आजम खान (फोटो IANS/वीडियो ग्रैब)

Azam Khan Judicial Custody: सपा नेता आजम खां को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 26 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए कोर्ट ने चार दिन की ईडी रिमांड पूरी होने के बाद यह आदेश दिया। ईडी ने रिमांड खत्म होने से करीब पांच घंटे पहले आजम खां का मेडिकल कराया और उन्हें सीधे अदालत लेकर पहुंची। वहीं, दूसरी ओर इलाहाबाद हाईकोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई चल रही है। आजम की तरफ से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल और ईडी की ओर से जोहेब हुसैन पक्ष रख रहे हैं।

चार दिन की पूछताछ में करीब 200 सवाल किए

ईडी ने जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामले में आजम खां से चार दिन तक पूछताछ की। इस दौरान अधिकारियों ने उनसे करीब 200 सवाल किए। एजेंसी के मुताबिक, आजम खां ने कई सवालों के सीधे जवाब नहीं दिए। वह ईडी के आरोपों को लगातार खारिज करते रहे और ट्रस्ट की ओर से लिए गए फैसलों की जानकारी होने से भी इनकार करते रहे।

शत्रु संपत्ति पर कब्जे के आरोपों को भी आजम खां ने नकार दिया। उन्होंने इसके लिए रामपुर के जिला प्रशासन को जिम्मेदार बताया। रविवार को भी ईडी के अधिकारियों ने उनसे लंबी पूछताछ की। इस दौरान आजम खां ने खुद को पीड़ित बताते हुए पूरी कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से की गई कार्रवाई बताया।

ठेकेदारों से संबंध होने से किया इनकार

ईडी सरकारी निर्माण कार्यों के लिए जारी धनराशि और सामग्री के कथित दुरुपयोग की जांच कर रही है। एजेंसी का आरोप है कि सरकारी काम के लिए मिले पैसे का इस्तेमाल जौहर विश्वविद्यालय की इमारतें बनाने में किया गया। साथ ही, संबंधित ठेकेदारों ने ट्रस्ट को चंदा भी दिया था। पूछताछ के दौरान आजम खां ने इन ठेकेदारों से कोई सीधा संबंध होने से इनकार किया। अब ईडी उनके करीबियों को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी में है। इनमें से कुछ लोगों को सरकारी गवाह भी बनाया जा सकता है।

426 करोड़ रुपये की संपत्ति हो चुकी है अटैच

ईडी की जांच मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय और उससे जुड़े जौहर ट्रस्ट पर केंद्रित है। एजेंसी सरकारी निर्माण कार्यों के धन और सामग्री के कथित दुरुपयोग, जमीन की खरीद और विश्वविद्यालय के निर्माण में इस्तेमाल हुए पैसे के स्रोत की जांच कर रही है। यह जांच रामपुर के अजीमनगर थाने में दर्ज 26 एफआईआर के आधार पर शुरू हुई थी। ईडी के मुताबिक, विश्वविद्यालय की 59 इमारतों के निर्माण और 114 बैनामों के जरिए हासिल जमीन की कीमत 499.09 करोड़ रुपये आंकी गई। वहीं, वैध स्रोतों से 72.63 करोड़ रुपये का हिसाब मिला। बाकी 426.46 करोड़ रुपये को एजेंसी ने कथित अपराध की कमाई माना है।

इसी आधार पर 28 अक्टूबर को ईडी ने विश्वविद्यालय की जमीन और इमारतों से जुड़ी करीब 426.46 करोड़ रुपये की संपत्ति अस्थायी रूप से अटैच की थी।

31 अक्टूबर को जेल से बाहर आते ही ईडी ने किया था गिरफ्तार

आजम खां 11 महीने बाद 31 अक्टूबर को अपने बेटे अब्दुल्ला के साथ रामपुर जेल से बाहर आए थे। शाम करीब 7:15 बजे उनकी रिहाई हुई। हालांकि, उनके जेल से बाहर आने से करीब 15 मिनट पहले ईडी की टीम जेल के अंदर पहुंच गई थी। मौके पर सीआरपीएफ के 24 जवान भी तैनात थे। जेल के मुख्य गेट पर ईडी के अधिकारियों और आजम खां के वकीलों के बीच तीखी बहस हुई। आजम खां ने भी अधिकारियों के सवालों के जवाब दिए, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद अधिकारी उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए।

इस दौरान आजम खां ने आसमान की तरफ हाथ उठाकर कहा कि अल्लाह सब देख रहा है। अब कहने को क्या है? यह मुसलमान होने की सजा है। गलती यह है कि एक मुसलमान ने यूनिवर्सिटी बनाई। यह हमारा गुनाह है। दरअसल, 29 अक्टूबर को हाईकोर्ट ने दो पैन कार्ड के मामले में आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला की 10 साल की सजा पर रोक लगाते हुए दोनों को जमानत दे दी थी। इसके बाद दोनों को रामपुर जेल से रिहा किया गया था।


Updated on:
16 Nov 2026, 1:17 PM IST
Published on: