आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया और आरोपी जवान को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। जिसकी सूचना बीएसएफ के आला अधिकारियों को भी दी गई है।
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के थाना लिंक रोड इलाके में स्थित एक स्कूल के अंदर अचानक सोमवार को सुबह उस वक्त भगदड़ मच गई। जब स्कूल में रुकी बीएसएफ की एक बटालियन के 2 जवान आपस में भिड़ गए और एक जवान ने दूसरे जवान को गोली मार दी। हालांकि अन्य जवानों द्वारा दोनों को काफी रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन बावजूद इसके अजीत नाम के एक जवान ने अपने ही साथी को गोली मार दी। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया और आरोपी जवान को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। जिसकी सूचना बीएसएफ के आला अधिकारियों को भी दी गई है। गाजियाबाद में स्कूल में हत्या के बाद सनसनी फैल गई। मामला लिंक रोड थाना क्षेत्र के ब्रज बिहार का है। यहां पर बाल भारती स्कूल में पुलिस को सूचना मिली कि गोलीबारी हुई है। दरअसल 2 अक्टूबर को किसानों की एक बड़ी रैली गाजियाबाद से दिल्ली की तरफ जाएगी। जिसके चलते बीएसएफ की एक कंपनी को गाजियाबाद के बाल भारती स्कूल में ठहराया गया था।
बताया जा रहा है कि सुबह के वक्त इसी कंपनी में मौजूद दो जवानों की आपस में कहासुनी हो गई। एक जवान अजीत ने जगप्रीत नाम के जवान पर इंसास राइफल से गोली चला दी। मौके पर ही जगप्रीत की मौत हो गई। आरोपी अजीत नाम के बीएसएफ कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है। हैरत की बात यह है कि सुबह इतनी बड़ी घटना हुई। लेकिन स्कूल प्रशासन ने स्कूल बंद नहीं किया और बच्चों के पेरंट्स को भी इस बात की जानकारी नहीं दी गई। लिहाजा बच्चे स्कूल में आते रहे और छुट्टी तक नहीं की गई। स्कूल ने अपनी दलील दी है कि जिस परिसर में हत्या हुई है, वह स्कूल के अंदर का अलग परिसर है।
हालांकि इस बीच पेरेंट्स काफी डरे हुए हैं। मामले में एसपी सिटी श्लोक कुमार का कहना है कि थाना लिंक रोड क्षेत्र के एक स्कूल में बीएसएफ जवान ठहरे हुए थे, जो यहां ड्यूटी करने आए थे। मिली जानकारी के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला विवाद का है। जिसके कारण ये घटना हुई। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही बीएसएफ के लोकल कमांडिंग ऑफिसर से तहरीर लेकर केस दर्ज कर लिया गया है।