गाज़ियाबाद

Breaking: CAA के विरोध में बड़े बवाल के बाद 3500 के खिलाफ केस दर्ज, 80 गिरफ्तार, इंटरनेट सेवा बहाल

Highlights - CAA व NRC के विरोध को लेकर गाजियाबाद में तनावपूर्ण माहौल - 3500 बवालियों के खिलाफ बलवा और सरकारी कार्य में बाधा डालने एवं तोड़फोड़ के साथ जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज - गाजियाबाद में इंटरनेट सेवा फिर बहाल, प्रशासन चौकन्ना
2 min read
ghaziabad.jpg

गाजियाबाद. नागरिकता संशोधन एक्ट (CAA) और भारतीय राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के विरोध को लेकर गाजियाबाद में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। हालांकि गाजियाबाद में इंटरनेट सेवा फिर से बहाल कर दी गई है। शुक्रवार को पूरे दिन गाजियाबाद में अलग-अलग स्थानों पर स्थिति तनावपूर्ण रही। कुछ स्थानों पर सीएए कानून का विरोध करने वालों ने पुलिस को खूब छकाया। स्थिति को नियंत्रण करने के उद्देश्य से गाजियाबाद के जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय और एसएसपी सुधीर कुमार सिंह भी दिनभर क्षेत्रों का दौरा करते रहे। इसके बावजूद जिलेभर में लोगों ने जमकर बवाल मचाया। पुलिस ने अलग-अलग थानों में कुल 3500 बवालियों के खिलाफ बलवा और सरकारी कार्य में बाधा डालने एवं तोड़फोड़ के साथ जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही देर रात तक पुलिस ने करीब 80 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।

गाजियाबाद के एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को बलवा करने वाले और माहौल खराब करने वालाें के खिलाफ कई थानों में कुल 3500 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही करीब 80 लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश जारी है। इनमें से शहर कोतवाली ने 11 लोगों को नामजद कर 550 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। इसके अलावा साहिबाबाद इलाके में 44 नामजद व 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। इनमें से 44 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि मुरादनगर थाने में 40 नामजद समेत 600 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। इनमें से 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ठीक इसी तरह लोनी थाने में भी 150 नामजद और 1500 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा मसूरी थाने में भी कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है सभी की तलाश जारी है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
21 Dec 2019 11:04 am