गाज़ियाबाद

मुरादनगर श्मशान हादसा: सीएम योगी आज गाजियाबाद में, अधिकारियों में मची खलबली

Highlights - मुरादनगर श्मशान घाट हादसे के बाद से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ले रहे पल-पल की रिपोर्ट - आज करीब 1.30 बजे हिंडन एयरपोर्ट पर उतरेंगे सीएम योगी - जिले के तमाम जनप्रतिनिधि और बड़े अधिकारी रहेंगे मौके पर मौजूद

2 min read
cm yogi

गाजियाबाद. मुरादनगर श्मशान घाट में हुए दर्दनाक हादसे के बाद से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पल-पल की रिपोर्ट ले रहे हैं। मुख्यमंत्री मुरादनगर हादसे के बाद से बेहद नाराज हैं। उन्होंने मंगलवार को लखनऊ में अधिकारियों के साथ एक बैठक की, जिसमें उन्होंने मुरादनगर में हुए हादसे पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और साफ तौर पर निर्देश दिए कि ठेकेदार से पाई-पाई वसूली जाए। इसी बीच जानकारी मिली है कि आज सीएम योगी गाजियाबाद आ रहे हैं। वह दोपहर करीब 1.30 बजे हिंडन एयरपोर्ट पर उतरेंगे। उनके आगमन की सूचना से गाजियाबाद के अधिकारियों में खलबली मची हुई हैै और सभी के हाथ-पांव फूले हुए हैं।

मुरादनगर हादसे के बाद सीएम योगी बेहद नाराज हैं। जहां उन्होंने आरोपी ठेकेदार और इंजीनियर के खिलाफ रासुका की कार्रवाई के आदेश दिए हैं, वहीं जिलाधिकारी और कमिश्नर को नोटिस भेजकर जवाब भी तलब किया है। इसके साथ ही उन्होंने साफ तौर पर अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि इस तरह की कोई भी लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी बीच सीएम याेगी के गाजियाबाद दौरे को लेकर अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। बताया गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार दोपहर करीब 1.30 बजे हिंडन एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे।

इस दौरान तमाम जनप्रतिनिधि और बड़े अधिकारी मौजूद रहेंगे। जिस तरह से मुख्यमंत्री इस हादसे के बाद नाराजगी दिखाई है, उससे कयास लगाए जा रहे है कि अब जिलाधिकारी और कमिश्नर के खिलाफ भी कुछ एक्शन लिया जा सकता है। मुख्यमंत्री के आगमन की खबर सुनने के बाद गाजियाबाद के अधिकारियों में खलबली मची हुई है और सभी के हाथ-पांव फूले हुए हैं। बता दें कि इस हादसे के बाद से प्रदेश सरकार ने एक टास्क फोर्स बनाए जाने का निर्णय लिया है और प्रदेश में चल रहे सभी बड़े कार्यों का औचक निरीक्षण करने के बाद टास्क फोर्स जांच करेगी।

Published on:
06 Jan 2021 10:27 am
Also Read
View All