
Salim Swatik attack:गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुआ हमले का मामला अब तूल पकड़ लिया है। दरअसल, अब सलीम को न्याय दिलाने के लिए यूपी के मुख्यमंत्री ने भी कह दिया है कि हमला करने वाले आरोपियों को कतई बख्सा नहीं जाएगा। बता दें कि दो हमलावरों ने मिलकर सलीम पर 14 बार चाकुओं से वार किया। इतना हीं नहीं सलीम का सिर तनसे जुदा करने की भी पूरी कोशिश की गई। फिलहाल वह दिल्ली के गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल भर्ती हैं जहां उनका इलाज चल रहा है।
आपको बता दें कि तीन तलाक और हलाला जैसी प्रथाओं पर मुखर विरोध के कारण चर्चा में आए सलीम वास्तिक की गतिविधियां लंबे समय से कट्टरपंथी तत्वों की नजर में थीं। जांच में सामने आया है कि उन्हें बार-बार धमकियां दी गई थीं और यूट्यूब चैनल पर इस्लाम व हलाला से जुड़े मुद्दों पर बोलना बंद करने का दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने अपना रुख नहीं बदला। गाजियाबाद पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक यह हमला अचानक नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश का नतीजा था। आरोप है कि कट्टरपंथियों ने काफी समय तक उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और मौके की तलाश के बाद वारदात को अंजाम दिया।
शुक्रवार सुबह लोनी की अली गार्डन कॉलोनी में हालात सामान्य ही थे, लेकिन सलीम वास्तिक के दफ्तर में हुई वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। नकाब पहने दो अज्ञात हमलावर बाइक से पहुंचे और धारदार हथियारों से सलीम के गले व पेट पर अचानक हमला कर दिया। कुछ ही पलों में वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार गले की सर्जरी हो चुकी है, लेकिन पेट में गहरे जख्मों के चलते एक और बड़ी सर्जरी की जरूरत बताई जा रही है।