
गाजियाबाद। कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों का आइसोलेशन वार्ड से भागने का सिलसिला जारी है। ऐसा ही एक मामला गाजियाबाद (Ghaziabad) में भी देखने को मिला। मंगलवार को स ंयुक्त जिला अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में रखी गई एक महिला अचानक ही बिना किसी को बताए लापता हो गई। जब वह काफी देर तक नहीं लौटी तो स्टाफ में हलचल मच गई। काफी खोजने के बाद भी महिला नहीं मिली तो इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई।
स्टाफ में मची खलबली
इसके बाद यह सूचना थाना कविनगर पुलिस को दी गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने आखिरकार 4 घंटे बाद महिला को खोज निकाला और उसे वापस आइसोलेशन वार्ड में लाया गया। इस बारे में कवि नगर थाना प्रभारी मोहम्मद असलम ने बताया कि संजय नगर के संयुक्त जिला चिकित्सालय में आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। सोमवार को इसमें एक महिला को भर्ती कराया गया था। अगले दिन ही मंगलवार को महिला बिना किसी को कुछ भी बताए वहां से चली गई। महिला को आइसोलेशन वार्ड से गायब देख स्टाफ ने उसे काफी तलाशा लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चला।
यह भी पढ़ें:coronavirus मुरादाबाद में विदेश से आयी महिला में मिले लक्षण, 109 की की जा रही निगरानी
परिजनों ने दी सूचना
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने करीब 4 घंटे बाद महिला को उसके घर से ही खोज निकाला। महिला के परिजनों ने ही पुलिस को उसके बारे में जानकारी दे दी। उसे वापस अस्पताल ले जाया गया। इससे महिला ने बेहद नाराजगी जताई। उसने आइसोलेशन वार्ड में रहने से इंकार कर दिया। उसने आरोप लगाया कि आइसोलेशन वार्ड में उसे कोई किसी तरह की सुविधा नहीं मिल पा रही है। इस कारण वह वहां नहीं रह सकती। काफी जद्दोजहद के बाद महिला को समझाया गया और उसे कई तरह की सुविधाएं मुहैया कराए जाने की बात अस्पताल प्रबंधन ने कही। इसके बाद महिला को अब आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।