गाज़ियाबाद

अवैध रूप से चल रही डेयरी पर कार्रवाई करने गई नगर निगम की टीम, लोगों ने वापस दौड़ाया

Highlights: -माहौल बिगड़ता देख सभी कर्मचारी जान बचाते हुए वापस दौड़े -गाजियाबाद के मिर्जापुर इलाके की घटना-विरोध करने वालों के खिलाफ केस दर्ज को तहरीर दी
2 min read
screenshot_from_2020-07-19_11-28-09.jpg

गाजियाबाद। जनपद के मिर्जापुर इलाके में अवैध रूप से चल रही डेयरी के खिलाफ कार्रवाई करने गई नगर निगम की टीम को डेयरी संचालकों ने दौड़ा दिया। उधर, माहौल बिगड़ता देख सभी कर्मचारियों को अपनी जान बचाते हुए उल्टे पांव वापस दौड़ना पड़ा। दरअसल, गाज़ियाबाद में सीवर जाम की शिकायत लगातार नगर निगम के अधिकारियों को मिल रही थी। जिसके बाद नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा औचक निरीक्षण किया गया।

इस कड़ी में नगर निगम के वार्ड 48 मिर्जापुर गांव में भी नगर निगम की टीम पहुंची। जहां पर कई डेयरियों का अवैध रूप से संचालन किया जा रहा है। नगर निगम की टीम के पहुंचते ही वहां के डेयरी संचालक एकजुट हो गए और जमकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल इतना बिगड़ गया कि स्थानीय लोग नगर निगम की टीम पर हावी हो गए। जिसके चलते नगर निगम की टीम को उल्टे पांव वापस लौटना पड़ा।

हालांकि जिस दौरान स्थानीय लोगों और नगर निगम की टीम के बीच टकराव हो रहा था तभी मौके पर पार्षद हाजी आसिफ भी पहुंचे। जिन्होंने बड़ी मुश्किल से माहौल को शांत कराया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बगैर किसी नोटिस के टीम वहां छापामारी करने पहुंची, जो कि गलत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की टीम को पहले नोटिस देना चाहिए था, उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाती। वहीं टीम के साथ हुई अभद्रता के बाद नगर निगम के कर्मचारी थाना विजय नगर पहुंचे और उनके साथ अभद्रता किए जाने वाले लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई। फिलहाल पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
19 Jul 2020 12:20 pm
Published on:
19 Jul 2020 11:32 am