
गाजियाबाद. यूपी के निकाय चुनाव का सभी जिलों में चुनावी बिगुल बज चुका है। गाजियाबाद में एक नगर निगम, चार नगर पालिका और एक जिला पंचायत का चुनाव होना है, लेकिन नगर पालिकाओं के चुनाव में इस बार सबसे खास खोड़ा नगर पालिका का चुनाव होगा। क्योंकि यहां बीजेपी के नेता की हत्या में जेल में बंद पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा की पत्नी भी चुनावी दंगल में अपनी किस्मत आजमा रही हैं। उधर विधायक की पत्नी के विरोध में ही पूर्व चेयरमैन और भाजपा नेता की पत्नी भी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं।
चुनावी समर में जेल में ही रहेंगे अमरपाल
अमरपाल शर्मा पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की वजह से 60 दिन से पहले बेल नहीं मिलेगी। ऐसे में निकाय चुनाव में उनकी पत्नी अपने पति के नाम और समर्थकों के सहारे चुनावी दंगल में अपनी ताल ठोकेंगी। पूर्व विधायक की पत्नी मोहिनी का दावा है कि उनके पति ने खोड़ा के विकास के लिए काम किया है। इस चुनाव में लोगों का सपोर्ट उन्हें मिलेगा।
गजेन्द्र भाटी की पत्नी को भी मिल सकता है टिकट
चुनाव के समीकरण बदलने के लिए बीजेपी नेता गजेन्द्र भाटी की पत्नी रीना को टिकट दे सकती है। गजेन्द्र भाटी के भाई योगेन्द्र भाटी ने भी इसकी पुष्टि करते हुए साफ किया है कि अगर आलाकमान से चुनाव के लिए टिकट दिया जाता है तो भाई की पत्नी खोड़ा पालिका का चुनाव लड़ेगी।
असमाजिक तत्वों पर रहेगी पूरी नजर
एसएसपी हरिनारायण सिंह के मुताबिक चुनावी समर में असामाजिक तत्वों पर पूरी नजर रखी जाएगी। खोड़ा संवेदनशील इलाकों में आता है। यहां पर सिविल ड्रेस में पुलिस के जवान ड्यूटी करके माहौल खराब करने वालों को पकड़ने का काम करेंगे।