गाज़ियाबाद

छुट्टी न देने पर बैंक के अंदर ही गार्ड ने मैनेजर की गोली मारकर की हत्या

Ghaziabad Bank Manager Shot Dead : गाजियाबाद के लोनी में छुट्टी न देने की वजह से गार्ड ने मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी।
2 min read
Feature image
पंजाब एंड सिंध बैंक के मैनेजर की हत्या, PC- X

गाजियाबाद : गाजियाबाद में छुट्टी न देने की वजह से एक गार्ड ने बैंक मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी। मामला गाजियाबाद के लोनी की पंजाब एंड सिंध बैंक का है। बताया जा रहा है गार्ड और मैनेजर के बीच छुट्टी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था।

सोमवार दोपहर 1.45 के आसपास गार्ड मैनेजर के केबिन में छुट्टी मांगने के लिए पहुंचा। केबिन के अंदर ही दोनों की छुट्टी न देने को लेकर नोकझोंक हुई। गार्ड रवींद्र ने गुस्से में आकर मैनेजर अभिषेक शर्मा के ऊपर फायर झोंक दिया। गोली लगते ही अभिषेक शर्मा लहूलुहान हो गए।

पुलिस के अनुसार, यह वारदात लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर इलाके में सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे हुई। बताया जा रहा है कि सुरक्षा गार्ड और बैंक मैनेजर के बीच छुट्टी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था।

केबिन में हुई कहासुनी, फिर चला दी गोली

जानकारी के मुताबिक, गार्ड रविंद्र हुड्डा दोपहर में बैंक पहुंचा और सीधे मैनेजर अभिषेक शर्मा के केबिन में चला गया। वहां छुट्टी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर गार्ड ने अपनी डबल बैरल बंदूक से मैनेजर पर गोली चला दी। गोली लगते ही अभिषेक शर्मा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और बैंक में अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

घटना के बाद बैंक कर्मचारियों ने तुरंत घायल मैनेजर को बाइक से अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद फरार हुआ आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली चलाने के बाद गार्ड बंदूक लेकर बैंक से बाहर निकला और वहां से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी है।

तीन महीने पहले ही लगी थी नौकरी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रविंद्र हुड्डा बागपत का रहने वाला है और करीब तीन महीने पहले ही बैंक में सुरक्षा गार्ड के रूप में नियुक्त हुआ था। बताया जा रहा है कि वह सोमवार सुबह ड्यूटी पर नहीं आया था। बाद में बैंक मैनेजर ने उसे फोन किया, जिसके बाद वह हथियार लेकर बैंक पहुंचा और विवाद के बाद वारदात को अंजाम दे दिया।

एसीपी ज्ञान प्रकाश राय के मुताबिक, आरोपी और मैनेजर के बीच छुट्टी को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते यह घटना हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।

Updated on:
16 Mar 2026 04:08 pm
Published on:
16 Mar 2026 04:08 pm