गाज़ियाबाद

गाजियाबाद में नकली पान मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़; 18 करोड़ की टैक्स चोरी में 2 आरोपी गिरफ्तार

Ghaziabad News: गाजियाबाद के साहिबाबाद में CGST की एंटी-इवेजन शाखा ने अवैध पान मसाला और तंबाकू फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

2 min read
गाजियाबाद में नकली पान मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़

Pan Masala Tax Fraud: गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग ने एक बड़े अवैध पान मसाला और तंबाकू निर्माण नेटवर्क का खुलासा करते हुए करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी का पर्दाफाश किया है। CGST गाजियाबाद कमिश्नरेट की एंटी-इवेजन शाखा ने वृंदावन गार्डन स्थित एक रिहायशी परिसर में छापेमारी कर वहां चल रही अवैध फैक्ट्री को पकड़ा। अधिकारियों के मुताबिक यह फैक्ट्री लंबे समय से बिना किसी वैध रजिस्ट्रेशन और टैक्स भुगतान के संचालित की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान विभाग ने मौके से भारी मात्रा में तैयार माल, कच्चा माल और मशीनरी बरामद की है।

ये भी पढ़ें

उत्तराखंड में चरम पर पहुंची चारधाम यात्रा, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बताए सरकार के खास इंतजाम

मशीनों के जरिए तैयार हो रहा था पान मसाला

छापेमारी के दौरान अधिकारियों को मौके पर ‘CITI’ ब्रांड पान मसाला और ‘AJ-07’ तंबाकू उत्पादों की पैकिंग में इस्तेमाल हो रही दो अत्याधुनिक पाउच पैकिंग मशीनें और एक सीलिंग मशीन चालू हालत में मिलीं। जांच टीम ने बताया कि फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर तंबाकू उत्पादों की पैकेजिंग की जा रही थी और इन्हें बाजार में सप्लाई करने की तैयारी थी। मौके से बरामद मशीनों और उत्पादों को देखकर अधिकारियों को अंदेशा है कि यह नेटवर्क काफी समय से सक्रिय था और कई जिलों तक इसकी सप्लाई चेन फैली हुई हो सकती है।

डिजिटल सबूतों ने खोली टैक्स चोरी की परतें

CGST अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत भी जब्त किए हैं, जिनमें लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड, मोबाइल डेटा और अन्य दस्तावेज शामिल बताए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी बिना GST रजिस्ट्रेशन के कारोबार चला रहे थे और उत्पादों पर लगने वाली ड्यूटी तथा सेस का भुगतान भी नहीं किया जा रहा था। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अब तक करीब 17.88 करोड़ रुपये से अधिक की राजस्व चोरी का खुलासा हो चुका है, जबकि टैक्स देनदारी का अंतिम आकलन अभी जारी है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर यह रकम और भी बढ़ सकती है।

20 लाख रुपये के तंबाकू उत्पाद बरामद

छापेमारी के दौरान CGST टीम ने करीब 20 लाख रुपये कीमत के तैयार तंबाकू उत्पाद भी बरामद किए हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री, फ्लेवर केमिकल, कच्चा तंबाकू और अन्य उत्पादन सामग्री भी जब्त की गई। विभागीय सूत्रों के अनुसार फैक्ट्री को बेहद गोपनीय तरीके से संचालित किया जा रहा था ताकि स्थानीय लोगों को किसी तरह की भनक न लगे। रिहायशी इलाके में इस तरह का अवैध निर्माण कार्य सामने आने के बाद आसपास के लोगों में भी हैरानी का माहौल है।

दो आरोपी गिरफ्तार, जांच का दायरा बढ़ा

कार्रवाई के बाद CGST विभाग ने संचित सेठ और मोहसिन खान को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपी इस पूरे नेटवर्क के संचालन में अहम भूमिका निभा रहे थे। अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे तथा किन इलाकों में इन उत्पादों की सप्लाई की जा रही थी।

CGST अधिकारियों ने दी सख्त चेतावनी

CGST गाजियाबाद के अपर आयुक्त (एंटी-इवेजन) साहिल सेठ ने कहा कि पान मसाला और तंबाकू सेक्टर में टैक्स चोरी के मामलों पर विभाग लगातार नजर बनाए हुए है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं सहायक आयुक्त (एंटी-इवेजन) खुशबू ओबरॉय ने बताया कि जब्त किए गए डिजिटल रिकॉर्ड और सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। विभाग का उद्देश्य पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर राजस्व चोरी में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करना है।

Also Read
View All