Crime News: गाजियाबाद में डॉग ट्रेनर मुकुल कुमार पर नाबालिग लड़की से रेप और ब्लैकमेल का आरोप है। ट्रेनिंग के बहाने उसने परिवार का भरोसा जीता और वारदात को अंजाम दिया।
Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र में एक डॉग ट्रेनर पर नाबालिग लड़की के साथ रेप और ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी मुकुल कुमार ने कुत्ते की ट्रेनिंग के बहाने परिवार में भरोसा बनाया और फिर अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में मुकुल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पीड़िता की मां ने बताया कि उनका परिवार कश्मीर से आकर गाजियाबाद में रहता है। पति की मौत के बाद वह अपनी दो बेटियों और ससुर के साथ कौशांबी में रह रही है। नवंबर 2025 में उन्होंने घर पर पालतू कुत्ते की ट्रेनिंग के लिए गौतम बुद्ध नगर के गौर सिटी निवासी मुकुल कुमार को रखा था। आरोपी हफ्ते में तीन दिन शाम को घर आता था।
आरोप है कि फरवरी 2025 में मुकुल ने घर में बड़ी बेटी को अकेला पाकर उसके साथ रेप किया। लड़की चिल्लाती रही, लेकिन युवक नहीं माना। इस दौरान उसने लड़की के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए। इसके बाद वह इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा और यौन शोषण करता रहा। बदनामी के डर से पीड़िता काफी समय तक चुप रही।
दिसंबर 2025 में परिवार ने फ्लैट बदल लिया, लेकिन मुकुल ने पीछा नहीं छोड़ा। उसने युवती पर होटल आने का दबाव बनाया। इनकार करने पर मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। पीड़िता ने आरोपी का नंबर ब्लॉक किया, लेकिन वह अलग-अलग नंबरों से कॉल कर धमकाता रहा। उसने पुलिस में शिकायत करने पर आत्महत्या करने और पीड़िता व उसकी मां को फंसाने की धमकी भी दी।
26 जनवरी 2026 को पीड़िता की मां ने कौशांबी थाने में शिकायत दर्ज कराई। एसीपी ने बताया कि आरोपी मुकुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मूल रूप से कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में मुकुल ने रेप और ब्लैकमेल की बात स्वीकार कर ली है। मामले की जांच जारी है।