गाज़ियाबाद

गोमती एक्सप्रेस में बैठकर भाग रही थी लेडी डॉन, गाजियाबाद GRP-RPF ने 2 लाख से ज्यादा कैश समेत दबोचा

Ghaziabad News: कानपुर रेलवे स्टेशन से महिला का बैग छीनकर गोमती एक्सप्रेस से फरार हो रही आरोपी महिला को गाजियाबाद जीआरपी और आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया हैं।

2 min read
गोमती एक्सप्रेस में बैठकर भाग रही थी लेडी डॉन..

Woman Thief Arrested Ghaziabad: उत्तर प्रदेश में रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की सतर्कता के चलते एक बड़ी वारदात का खुलासा हुआ है। कानपुर रेलवे स्टेशन से एक महिला का हैंडबैग छीनकर फरार हुई संदिग्ध महिला को गोमती एक्सप्रेस ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी महिला ट्रेन नंबर 12419 गोमती एक्सप्रेस के एचए-01 कोच में बैठकर भागने की कोशिश कर रही थी, लेकिन समय रहते गाजियाबाद जीआरपी और आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। आरोपी के पास से लाखों रुपये की नकदी, आभूषण और जरूरी दस्तावेज बरामद हुए हैं।

ये भी पढ़ें

अखिलेश यादव का हमला: भाजपा पर लोकतंत्र को कुचलने का दावा, रिवॉल्वर के दम पर वोट रोकने का आरोप

फोन कॉल मिलते ही हरकत में आई गाजियाबाद पुलिस

जानकारी के अनुसार 6 मई 2026 को थाना जीआरपी गाजियाबाद के सीयूजी नंबर पर कानपुर रेलवे स्टेशन से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध महिला प्लेटफॉर्म से एक महिला का पर्स और हैंडबैग छीनकर भाग गई है। सूचना में बताया गया कि आरोपी गोमती एक्सप्रेस में सवार होकर दिल्ली की ओर जा रही है। सूचना मिलते ही जीआरपी गाजियाबाद और आरपीएफ की संयुक्त टीम अलर्ट मोड पर आ गई और ट्रेन के गाजियाबाद स्टेशन पहुंचते ही महिला पुलिस की सहायता से संदिग्ध महिला को ट्रेन से उतार लिया गया।

पूछताछ में खुला चोरी का पूरा राज

पुलिस द्वारा महिला से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम रानी पुत्री सूरज निवासी छबरामउ जिला कन्नौज बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में नकदी और कीमती सामान बरामद हुआ। महिला के कब्जे से 2 लाख 12 हजार 450 रुपये नकद, तीन चांदी के सिक्के, एक पीली धातु की अंगूठी, एक ब्रेसलेट, आधार कार्ड, 14 गिफ्ट लिफाफे और दो कॉपियां मिलीं। इसके अलावा उसके पास एक ब्राउन रंग का पर्स, हैंड पर्स और सफेद रंग का पर्स भी मिला, जिसमें 7 हजार रुपये अलग से रखे हुए थे।

लाखों रुपये की नकदी ने बढ़ाई पुलिस की सतर्कता

बरामद नकदी में 500-500 रुपये के 400 नोट, 200 रुपये के 47 नोट, 100 रुपये के 26 नोट और 50 रुपये के 9 नोट शामिल थे। इतनी बड़ी रकम और कीमती सामान मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया। तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड पर श्रीमती मंजू बंसल का नाम दर्ज था, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि बरामद सामान पीड़ित महिला का ही है। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत कानपुर जीआरपी और आरपीएफ को पूरे मामले की जानकारी दी।

आरोपी महिला ने कबूला अपराध

महिला उपनिरीक्षक द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि उसने कानपुर रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट के पास खड़ी एक महिला से यह बैग छीना था। आरोपी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद वह तुरंत गोमती एक्सप्रेस में बैठकर फरार होने की कोशिश कर रही थी। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी के चलते उसकी योजना सफल नहीं हो सकी और गाजियाबाद स्टेशन पर ही उसे पकड़ लिया गया।

कानपुर जीआरपी को सौंपा गया मामला

गाजियाबाद जीआरपी और आरपीएफ ने पूरी कार्रवाई के बाद आरोपी महिला और बरामद सामान को अग्रिम कार्रवाई के लिए कानपुर जीआरपी और आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया है। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कानपुर पुलिस द्वारा की जा रही है। रेलवे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Also Read
View All