Ghaziabad : गाजियाबाद के नंदग्राम में 4 साल की बच्ची की हत्या और रेप का आरोपी पड़ोसी गौरव प्रजापति पुलिस मुठभेड़ में घायल। नशे में वारदात को दिया था अंजाम।
Ghaziabad : दिल्ली से सटे गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में सोमवार से लापता चार साल की बच्ची की नृशंस हत्या और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने बुधवार को मृतका के पड़ोसी, 24 वर्षीय गौरव प्रजापति को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है और फिलहाल वह अस्पताल में उपचाराधीन है।
एसीपी (नंदग्राम) जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि आरोपी गौरव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि सोमवार शाम करीब 6 बजे, जब बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तब आरोपी नशे की हालत में था। उसने रैंडमली बच्ची को वहां से उठाया और सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पहचान छिपाने के लिए उसने पत्थर से वार कर मासूम की हत्या कर दी।
मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरी तरह सामान्य व्यवहार करता रहा, जिससे किसी को उस पर तुरंत शक नहीं हुआ। जब मासूम बच्ची अचानक लापता हुई और परिवार के लोग उसे इधर-उधर तलाशने लगे, तो आरोपी गौरव भी उनके साथ शामिल हो गया और मदद करने का दिखावा करने लगा। उसने खुद आगे बढ़कर परिवार को दिलासा दिया और उन्हें अलग-अलग जगहों पर तलाश करने की सलाह देता रहा, ताकि किसी का ध्यान उस पर न जाए। इतना ही नहीं, उसने परिवार को घर से करीब एक किलोमीटर दूर उस स्थान तक भी पहुंचाया, जहां बच्ची का शव मिला, जिससे उसकी चालाकी और भी साफ नजर आती है। हालांकि, पुलिस को उसके हाव-भाव और गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद सोमवार रात को ही उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया, जिसने उसके खिलाफ मजबूत सबूत का काम किया। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीसीपी (सिटी जोन) धवल जायसवाल के अनुसार, मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर खून से सने कपड़े और सबूत बरामद करने ले गई थी। वहां आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो गौरव के दोनों पैरों में लगी। इस मुठभेड़ में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ है।