गाज़ियाबाद

गाजियाबाद में बेटे ने बाप को मार डाला, जमीन के लालच में 4 गोलियां दागीं, 2018 में भाई पर भी की थी फायरिंग

Ghaziabad Father Murder Case: गाजियाबाद के मोदीनगर में किसान हरिओम चौधरी हत्याकांड में जमीन विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, बड़े बेटे पर पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। आरोपी की तलाश में चार टीमें जुटी हैं।
2 min read
ghaziabad murder son shoots father
निखिल अपने पिता हरिओम के साथ।

Hariom Chaudhary Murder: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। 150 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक किसान हरिओम चौधरी को उनके बड़े बेटे निखिल नेहरा ने कथित तौर पर 4 गोलियां मारीं। आरोप है कि जमीन अपने नाम कराने को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार रात शराब के नशे में घर पहुंचे बेटे ने कहासुनी के बाद वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया।

घटना मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल हरिओम चौधरी को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में चार टीमें लगा दी हैं।

कौन थे हरिओम चौधरी

हरिओम चौधरी (52) गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव के रहने वाले थे। वह क्षेत्र के संपन्न किसानों में गिने जाते थे। उनके नाम करीब 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड पर एक व्यावसायिक मार्केट है। ग्रामीणों के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति करीब 150 करोड़ रुपये की थी। परिवार में पत्नी अनीता, बड़ा बेटा निखिल और छोटा बेटा नीशू हैं।

बेटा जमीन अपने नाम कराने का बना रहा था दबाव

परिजनों ने पुलिस को बताया कि निखिल अपने हिस्से की जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। हरिओम पहले ही उसके नाम 25 बीघा जमीन और कुछ दुकानें कर चुके थे, लेकिन वह और संपत्ति चाहता था। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

शराब पीकर आने पर पिता ने लगाई फटकार

एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि बुधवार रात निखिल शराब के नशे में घर पहुंचा था। पिता ने उसे शराब पीकर घर आने पर फटकार लगाई। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान निखिल ने अवैध पिस्टल निकाल ली और पिता पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

चेहरे और सीने पर मारी गोलियां

गोली लगते ही हरिओम चौधरी जमीन पर गिर पड़े। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने उनके चेहरे, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर कुल छह गोलियां चलाईं। वारदात के बाद घर में अफरातफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।

2018 में भी भाई पर चला चुका है गोली

जांच में यह भी सामने आया है कि निखिल का शराब पीने को लेकर परिवार से पहले भी विवाद होता रहा है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2018 में उसने अपने छोटे भाई नीशू पर भी फायरिंग की थी, जिसमें वह घायल हो गया था।

पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जमीन विवाद और पारिवारिक कलह समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Updated on:
16 Jul 2026 09:47 am
Published on:
16 Jul 2026 08:52 am