
गाजियाबाद रेप और मर्डर केस (फोटो- पत्रिका)
Ghaziabad Gangrape News:उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के राज नगर एक्स्टेंशन में सात साल की बच्ची के साथ गैंगरेप और फिर उसकी हत्या के मामले में हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है। बता दें यहां एक निर्माणाधीन मॉल में सात साल की मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया और फिर उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंककर मौत के घाट उतार दिया गया। अब बच्ची की मां ने बताया है की बेटी की तलाश में एक डॉगी ने कैसे उनकी मदद की?
बच्ची की मां ने बताया, 'शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे उनकी बेटी घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। हमने पूरे इलाके और आस-पास बन रही इमारतों में उसे ढूंढा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। हमने पड़ोसियों से मदद मांगी तो वह भी ढूंढने में मदद करने लगे। करीब 3-4 घंटे बाद शनिवार देर रात लगभग 12:30 बजे हमें एक निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट में बेटी का खून से लथपथ शव मिला।' इस पूरी खोजबीन में एक डॉगी ने बहुत मदद की।
बच्ची को तलाशते हुए लोग उस निर्माणाधीन इमारत तक पहुंचे जहां एक सुरक्षा गार्ड तैनात था। गार्ड ने बताया कि उसने इमारत के अंदर से किसी के रोने की आवाज सुनी थी, उसे पक्का नहीं पता था क्योंकि उसने वह आवाज सिर्फ एक बार सुनी थी। इमारत के अंदर काफी अंधेरा था। जब परिजन और पड़ोसी अंदर जाने लगे तो एक डॉगी भी उनके साथ चल पड़ा। कुछ ही देर में वह डॉगी बेसमेंट की तरफ गया और वहां जाकर रुक गया। जब लोगों ने डॉगी के पीछे जाकर देखा तो वहां मासूम की लाश पड़ी थी। रात करीब 1:00 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता का परिवार बिहार के नालंदा का रहने वाला है और वह निर्माणाधीन मॉल में मजदूरी करता है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए जिसमें झुग्गियों में रहने वाले दो युवक बच्ची को अपने साथ मॉल की ओर ले जाते हुए दिखाई दिए। फुटेज में बच्ची के हाथ में चिप्स का पैकेट था जबकि युवकों के हाथ में शराब और कोल्ड ड्रिंक थी। एक स्थानीय महिला ने भी इन संदिग्धों को बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाते हुए देखा था।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इनमें से एक आरोपी की पहचान बिहार के अररिया निवासी शहाबुद्दीन के रूप में हुई है जबकि दूसरा आरोपी अभी नाबालिग है। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मासूम के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ किडनैपिंग, रेप, हत्या और पॉक्सो एक्ट सहित कई अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित विषय:
Updated on:
12 Jul 2026 01:51 pm
Published on:
12 Jul 2026 01:51 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
