
Rain Alert: भारी बारिश का अलर्ट (File Photo - IANS)
Ghaziabad Weather Update Today: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग ने प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों के दौरान पूरे उत्तर प्रदेश में मानसूनी सक्रियता बढ़ने से ज्यादा बारिश की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की प्रभावी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर एक सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही अरब सागर से आ रही भारी नमी और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मौसमी द्रोणी उत्तर की ओर खिसक रही है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के मध्यवर्ती और पश्चिमी भागों में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है।
गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में बुधवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला गुरुवार सुबह भी जारी रहा। इस झमाझम बारिश ने जहां एक तरफ लोगों को चिलचिलाती गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी, वहीं दूसरी तरफ शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी (DM) रविंद्र मांदड़ ने आज, 9 जुलाई को कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। डीएम के निर्देश पर बीएसए और डीआईओएस ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
रातभर हुई भारी बारिश ने नगर निगम के मानसून संबंधी दावों की पोल खोल कर रख दी है। शहर के वीआईपी इलाके कहे जाने वाले कविनगर, शास्त्रीनगर, विजयनगर और गोविंदपुरम की सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं। गोविंदपुरम की मुख्य सड़कों पर एक-एक फीट तक पानी भर गया है। सबसे बदतर हालात लोनी क्षेत्र में देखने को मिल रहे हैं, जहां सड़कों पर तालाब जैसा नजारा होने के कारण लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है।
बारिश के साथ ही शहर की बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। शास्त्रीनगर, रजापुर गांव और जीवन विहार समेत कई बड़े क्षेत्रों में बिजली गुल होने कारण स्थानीय निवासियों को पानी की किल्लत और अन्य रोजमर्रा के कामों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं और बारिश के कारण तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर और दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में अगले 24 घंटों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे मौसम में यह ठंडक बनी रहेगी।
Updated on:
09 Jul 2026 08:35 am
Published on:
09 Jul 2026 08:03 am
