
गाजियाबाद. लोकसभा चुनाव 2019 के मतदान को लेकर यूं तो जिला प्रशासन समेत कई सामाजिक संस्थाओं ने गाजियाबाद में जोर-शोर से अभियान चलाया था। इसके बावजूद गाजियाबाद लोकसभा सीट पर पहले चरण में 11 अप्रैल को 55.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 2014 के लोकसभा चुनाव मुकाबले 1.14 फीसदी कम था। मजे की बात यह है कि गाजियाबाद में मतदान को करीब एक माह बीत चुका है, लेकिन इसके बाद भी गाजियाबाद पुलिस मतदाताओं को वोटिंग के लिए जागरूक कर रही है। बता दें कि 6 मई को गाजियाबाद पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल पर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए एक के बाद कई पोस्ट किए, जिसको लेकर अब गाजियाबाद पुलिस की खासी किरकिरी हो रही है। लोग रिट्वीट करते हुए कह रहे हैं कि मतदान से पहले पुलिस सो रही थी, पहले जागरूक करते तो मत प्रतिशत नहीं गिरता।
बता दें कि गाजियाबाद पुलिस ने छह मई को अपने ट्विटर हैंडल से दबंग वोटर्स, रंग दे बसंती, हम-तुम, जब वी मेट, शोले समेत कई बॉलीवुड फिल्मों के नाम पर बने पोस्टर शेयर किए थे। इन पोस्ट के शेयर करते ही लोगों ने गाजियाबाद पुलिस को ट्रोल करना शुरू कर दिया है। लोग मतदान के बाद गाजियाबाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर ट्वीट करते हुए सवाल उठा रहे हैं। प्रदीप दत्त नाम से बने ट्विटर हैंडल से कहा गया है कि गाजियाबाद में तो लोकसभा चुनाव हो चुके हैं, सर जी।
वहीं नमन बंसल नाम के शख्स ने सवाल उठाते हुए कहा है कि जब गाजियाबाद में चुनाव थे, तब आप सो रहे थे क्या। इसी वजह से इस चुनाव में मतदान प्रतिशत गिरा है। इस तरह अन्य लोग भी पोस्ट करते हुए गाजियाबाद पुलिस को ट्रोल कर रहे हैं। इस पर गाजियाबाद पुलिस ने सफाई देते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश पुलिस की तरफ से पोस्टर जारी किए गए हैं, जिन्हें उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से सिर्फ शेयर किया है।
UP lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ा तरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download करें patrika Hindi News App