
Sahibabad Gunman Shoots Minor Samir: साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अर्थला स्थित एक निर्माणाधीन साइट पर रविवार सुबह गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नीलमणि कॉलोनी के पास पार्श्वनाथ की साइट पर सुबह करीब 11:30 बजे तैनात गनमैन ने 17 साल किशोर समीर को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल समीर को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी गनमैन को हिरासत में ले लिया है।
नीलमणि कॉलोनी के रहने वाले समीर के परिजनों के अनुसार, वह रविवार सुबह निर्माणाधीन साइट पर वीडियो रील बनाने के उद्देश्य से गया था। वहां मौजूद सिक्योरिटी गनमैन विवेक यादव के साथ किसी बात को लेकर समीर की बहस हो गई। परिजनों का आरोप है कि कहासुनी के बाद गुस्से में आकर गनमैन ने समीर पर सीधे गोली चला दी, जो उसे जा लगी।
दूसरी ओर, पुलिस हिरासत में लिए गए गनमैन विवेक यादव का बयान परिजनों के दावों से पूरी तरह अलग है। विवेक ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया कि समीर रील बनाने के लिए नहीं, बल्कि साइट से लोहा चोरी करने के इरादे से वहां पहुंचा था। गनमैन के मुताबिक, समीर पहले भी साइट से लोहा चोरी कर चुका था और रविवार सुबह भी वह कथित तौर पर सामान लेकर वहां से भागने की कोशिश कर रहा था। विवेक का कहना है कि उसने समीर को रोकने और चोरी का सामान वापस लेने के लिए उसे चेतावनी दी, लेकिन जब वह नहीं रुका तो उसने गोली चला दी। हालांकि, पुलिस इस बयान की भी जांच कर रही है और घटना की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए अन्य साक्ष्यों और बयानों को खंगाला जा रहा है।
सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि आरोपी गनमैन को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस बात की कड़ियां जोड़ने में जुटी है कि किशोर वास्तव में किस वजह से निर्माणाधीन साइट पर गया था और किन परिस्थितियों में गनमैन को हथियार से गोली चलानी पड़ी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।