गाज़ियाबाद

गाजियाबाद में स्कूलों का टाइम बदला, अब नर्सरी से 8वीं तक दोपहर 12:30 बजे तक ही खुलेंगे स्कूल, 27 से नया नियम

गाजियाबाद जिला प्रशासन ने भीषण गर्मी के कारण स्कूलों का समय बदल दिया है। अब 8वीं तक के स्कूल दोपहर 12:30 बजे बंद होंगे। जानें क्या है नया आदेश और कब से होगा लागू।

2 min read
heat wave news
गाजियाबाद में गर्मी के चलते स्कूल टाइम बदला।

दिल्‍ली-एनसीआर में सूरज के तीखे तेवर और झुलसाने वाली गर्मी को देखते हुए गाजियाबाद जिला प्रशासन ने नौनिहालों को बड़ी राहत दी है। बढ़ते पारे और लू के खतरों के बीच जिलाधिकारी के निर्देश पर स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब कक्षा 8 तक के बच्चों को चिलचिलाती दोपहर में स्कूल में नहीं रुकना होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) की ओर से जारी यह आदेश आगामी सोमवार यानी 27 अप्रैल 2026 से पूरे जनपद में प्रभावी हो जाएगा।

अब ये होगा नया शेड्यूल

जारी आदेश के मुताबिक, गाजियाबाद जनपद के सभी सरकारी, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल (CBSE, ICSE व अन्य बोर्ड सहित) अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित होंगे। यह नियम कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी छात्र-छात्राओं पर लागू होगा।

आदेश की अवहेलना पर होगी सख्त कार्रवाई

जारी आदेश में कहा गया है कि जनपद में अत्यधिक तापमान और हीट वेव की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी के निर्देशानुसार यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि दोपहर के समय तापमान अत्यधिक बढ़ जाता है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। विशेषकर छोटे बच्चों को लू और डिहाइड्रेशन का खतरा अधिक रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में यह परिवर्तन किया गया है, ताकि छात्र-छात्राएं भीषण गर्मी के संपर्क में आने से बच सकें। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधन, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को निर्देशित किया है कि इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

किसी भी प्रकार की लापरवाही या आदेश की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।

अभिभावकों के लिए हेल्थ एडवाइजरी

इसके साथ ही प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को पर्याप्त पानी के साथ स्कूल भेजें और गर्मी से बचाव के उपायों का ध्यान रखें। विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम में बदलाव हो रहा है। इस समय बच्चों को धूप से बचाना, हल्के और सूती कपड़े पहनाना तथा पर्याप्त तरल पदार्थ देना बेहद जरूरी है। गौरतलब है कि इन दिनों पूरे एनसीआर क्षेत्र में हीट वेव का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग द्वारा भी आगामी दिनों में तापमान अधिक बने रहने की संभावना जताई गई है।

Updated on:
25 Apr 2026 04:04 pm
Published on:
25 Apr 2026 04:01 pm