Ghaziabad News: दिल्ली देहरादून हाईवे पर हिंदू रक्षा दल की कुछ महिलाओं ने लिखा कि 'मुसलमानों के लिए रोड नहीं है'। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। मामले में हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने कहा...
Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में नेशनल हाईवे पर एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। दिल्ली देहरादून हाईवे पर हिंदू रक्षा दल की कुछ महिला कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे दीवारों पर नारा लिखती हुई नजर आ रही हैं। महिला ने सड़क पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा 'मुसलमानों के लिए यह रोड नहीं है'। वीडियो में मौजूद अन्य महिलाएं जय श्री राम के नारे लगाती भी नजर आ रही हैं। इस मामले में अब हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी का भी बयान सामने आया है। पिंकी चौधरी वायरल वीडियो को सही ठहराते हुए कई तर्क दिए हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद तनाव और आक्रोश का माहौल है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि नेशनल हाईवे पर सार्वजनिक स्थान पर कुछ महिलाएं इकट्ठा हुई हैं। हिंदू रक्षा दल की महिलाओं में से एक महिला, जो भगवा रंग का गमछा कंधे पर लिए हुए दिखाई दे रही है। उसके हाथ में काले रंग का स्प्रे है और वो सड़क किनारे दीवारों पर नारे लिख रही है। यह वीडियो काफी ज्यादा वायरल हो रहा है।
इस पूरे मामले पर हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर आग में घी डालने का काम किया है। पिंकी चौधरी ने इस कृत्य का समर्थन करते हुए कहा कि ये जिहादी लोगा है और ये टैक्स नहीं देते हैं। चौधरी ने दावा किया कि जो लोग टैक्स नहीं भरते उन्हें नेशनल हाईवे जैसे सार्वजनिक रास्तों का इस्तेमाल करने का कोई हक नहीं है। उनके इस तर्क ने विवाद को और अधिक बढ़ा दिया है।
वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर यूजर्स का गुस्सा सातवें आसमान पर है। लोग यूपी पुलिस और प्रशासन को टैग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा 'इनको पुलिस बढ़िया से खातिर क्यों नहीं करती? क्यों ये रोज-रोज नया हथकंडा अपनाते हैं?' वहीं अन्य लोग इसे देश के संविधान और आपसी भाईचारे पर हमला बता रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि अगर इस तरह की हरकतों पर लगाम नहीं लगाई गई तो यह समाज के लिए बेहद खतरनाक साबित होगा।