गाज़ियाबाद

गाजियाबाद में फिर बिछा अवैध लोन ऐप का जाल, युवक को रेपिस्ट बता किया ब्लैकमेल, युवती की न्यूड फोटो वायरल की

अवैध लोन ऐप के पहले मामले में एक युवक को रेपिस्ट बताकर उसकी फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। जबकि दूसरे मामले में एक युवती की फोटो को न्यूड कर के उसके कॉन्टैक्ट पर भेज दी गई।
2 min read
• •
Updated: 17 May 2022, 2:45 PM IST
loan_app.jpg
प्रतीकात्मक

गाजियाबाद जिले में अवैध लोन ऐप का जाल (Ghaziabad Loan App) लगातार फैलता जा रहा है। हालत ये है कि अब बिना पैसे दिए ही मैसेज भेजकर लोगों से रंगदारी मांग रहे हैं। वहीं पैसे न दिए जाने पर अश्लील फोटो वायरल की जा रही है। जिले में अब तक ऐसे दो मामले सामने आ चुके हैं। पहले मामले में एक युवक को रेपिस्ट बताकर उसकी फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। जबकि दूसरे मामले में एक युवती की फोटो को न्यूड कर के उसके कॉन्टैक्ट पर भेज दी गई। आए दिन ऐसे मामलों से लोगों में दहशत फैलने लगी है। हालांकि पुलिस लोगों से इसपर ध्यान न देने की नसीहत दे रही।

जानिए क्या है पूरा मामला

बता दें कि कविनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने फोर्टरेस लोन ऐप और क्रेडिट वॉलेट से इमरजेंसी के समय 17 हजार 392 रुपए लोन लिए थे। हालांकि समय पर युवक ने लिए गए लोन का भुगतान कर दिया। जिसके बाद दस नंबरों से कॉल और मैसेज आने शुरू हो गए। युवक से 20 लाख रुपये की डिमांड की गई। साथ ही रुपए न देने पर बदनाम करने की कोशिश की गई। जब युवक न उनकी बात नहीं मानी तो उसे एक बच्ची से रेप के बाद हत्या करने का आरोपी बताकर फोटो वायरल करना शुरू कर दिया गया। जिसके बाद युवक द्वारा एसएसपी से शिकायत के बाद कविनगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।

मैसेज का रिप्लाई करने पर किया ब्लैकमेल

युवक का कहना है कि आरोपी उसके परिवार के लोगों के बारे में बहुत गंदा लिखकर दोस्तों को भेज रहे हैं। बता दें कि एक दिन पहले घंटाघर कोतवाली में भी एक ऐसा ही मामला दर्ज हुआ है। वहीं दूसरे मामले में एक युवती को सिर्फ इस प्रकार के लोन ऐप से आए मैसेज पर रिप्लाई करना भारी पड़ गया। युवती को 23 अलग अलग नंबरों से परेशान किया जा रहा है। युवती की मॉर्फ्ड न्यूड फोटो को उसके कॉन्टैक्ट को भेजा जा रहा है। वहीं इससे परेशान होकर युवती ने कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

Published on: