
Indirapuram Ghaziabad case: इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में सहेली की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गई एक महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के नशे में होने का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस से जानकारी मिली है कि पीड़िता अपने पति के साथ गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में रहती है। 24 जुलाई को उसकी एक करीबी सहेली का जन्मदिन था, जिसके उपलक्ष्य में कनावनी स्थित एक मकान में पार्टी आयोजित की गई थी। इस पार्टी में पीड़िता समेत कुल सात लोग मौजूद थे, जिनमें उसकी सहेली, तीन अन्य महिलाएं और तीन युवक शामिल थे। पीड़िता का आरोप है कि जन्मदिन का केक काटने के बाद सभी ने बीयर पी, जिससे उसे हल्का नशा हो गया और उसकी हालत सामान्य नहीं रही। इसी दौरान पार्टी में मौजूद सुमित नाम के युवक ने उसकी नशे की स्थिति का कथित तौर पर फायदा उठाया।
आरोप है कि वह बहाने से पीड़िता को एक कमरे में ले गया और वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। होश में आने के बाद पीड़िता को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपों की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुमित मौके से भाग निकला था। घटना के तीन दिन बाद, सोमवार (27 जुलाई) को पीड़िता अपने पति के साथ इंदिरापुरम थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। वहीं, इस घटना को लेकर एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तुरंत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया है।