खास बातें- मैनपुरी जिले के किशनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं बृजेश कठेरिया कविनगर थाना क्षेत्र में संदिग्‍ध परिस्थितियों में हुई विवाहिता की मौत पुलिस ने दर्ज किया पति, ससुर और सास के खिलाफ दहेज हत्या का मामला
गाजियाबाद। जनपद के कविनगर थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका मैनपुरी के किशनी से समाजवादी पार्टी ( Samajwadi Party ) के विधायक की बहन है। आरोप है कि दहेज के लिए सपा विधायक की बहन की हत्या की गई है। पुलिस ने पति, सास और ससुर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कविनगर थाना क्षेत्र की जागृति विहार कॉलोनी में रहता है परिवार
बृजेश कठेरिया मैनपुरी जिले के किशनी विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक हैं। उनकी चचेरी बहन सोनी (32) की शादी 22 नवंबर 2017 को अरुण वर्मा से हुई थी। बृजेश कठेरिया का कहना है कि अरुण वर्मा के पिता आरएन वर्मा कविनगर थाना क्षेत्र की जागृति विहार कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। वे मूलत: जालौन के रहने वाले हैं। उनका कहना है कि करीब दो साल पहले हुई शादी में उन्होंने हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था। शादी में दूल्हे को एक कार और आठ लाख रुपये नगद दिए गए थे। उन्होंने कहा कि सोनी ने उनको ससुराल वालों द्वारा दहेज के लिए परेशान करने के बारे में बताया था। इस पर उन्होंने अरुण और उसके पिता को समझाया था, लेकिन वे नहीं माने।
पांच लाख रुपये की डिमांड की
सपा विधायक बृजेश कठेरिया के भाई संजीव ने बताया कि शुरू में तो सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा। बाद में ससुराल पक्ष वाले सोनी को दहेज के लिए परेशान करने लगे। उन्होंने कहा कि शादी के समय बताया गया था कि अरुण एमबीए पास है और वह अचछी नौकरी करता है। बाद में वह सोनी से पांच लाख रुपये की मांग करने लगा। आरोप है कि सोनी के ससुर और सास भी उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने उसे फांसी लगाकर मार डाला। 16 अगस्त को सोनी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को यशोदा अस्पताल में उसकी मौत हो गई। देर शाम को कविनगर थाने में पति, ससुर और सास के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया गया है।