
Sudhanshu Trivedi: उत्तर प्रदेश अगामी विधानसभा चुनाव में अभी तारीखों का ऐलान भले नहीं हुआ हो, लेकिन सभी पार्टियां अभी से कील-कांटे दुरूस्त करने में लगी हुई हैं। फिलहाल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस क बीच सीट बंटवारे को लेकर जो हंगामा चल रहा है उस पर प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं। इसी बीच बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्षी गठबंधन पर तंज कसा है। उन्होंने सपा-कांग्रेस के बीच चल रही सीट शेयरिंग की कवायद को लेकर कहा कि दोनों दलों के बीच तालमेल की स्थिति काफी दिलचस्प और विरोधाभासी नजर आ रही है।
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस एक तरफ यूपी में सीटों की मांग कर रही है, जबकि राहुल गांधी अलग-अलग जगहों की यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी वियतनामसे लेकर शिकागो तक घूम रहे हैं और उनकी पार्टी यहां सीटों के लिए बातचीत कर रही है।
बीजेपी सांसद ने सपा और कांग्रेस के बीच हुई बैठक को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि बैठक महज 10 मिनट में खत्म हो गई। त्रिवेदी ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें संदेह है कि दोनों पक्षों को ठीक से अपनी सीटों पर बैठने का भी समय मिला होगा। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के नेताओं के बीच जिस तरह की बयानबाजी सामने आ रही है, उससे साफ है कि इस गठबंधन की नींव कितनी कमजोर और विरोधाभासी है। उनके मुताबिक, सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों पार्टियों के बीच मतभेद गठबंधन की अंदरूनी स्थिति को सामने ला रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने को लेकर सुधांशु त्रिवेदी ने बीजेपी और एनडीए के पक्ष में बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अपना मन पहले ही बना चुकी है और बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को अभूतपूर्व बहुमत मिलने जा रहा है।
त्रिवेदी ने कहा कि चुनाव में जनता का फैसला ही सबसे महत्वपूर्ण होगा और बीजेपी को भरोसा है कि उत्तर प्रदेश में उसके पक्ष में मजबूत जनादेश आएगा। वहीं, सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर जारी बातचीत ने विपक्षी एकता और गठबंधन की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।