
Ghaziabad accident गाजियाबाद के निवाड़ी में एक परिवार की खुशिया मातम में बदल गई। नई बुलेरो पिकअप लेने के बाद यह परिवार रिश्तेदारों को साथ लेकर हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहा था। निवाड़ी में नहर की पुलिया के पास इनकी पिकअप की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य कई गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिवार के लोग काफी खुश थे। उनका कई वर्षों का सपना पूरा हुआ था। पिछले कई सालों से परिवार नई पिकअप लेने की योजना बना रहा था। अब यह सपना पूरा होने के बाद रिश्तेदारों के साथ सभी हरिद्वार गंगा स्नान के लिए निकले थे। जैसे ही टक्कर हुई तो निवाड़ी पुलिस के पास का इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा। राहगीरों ने 102 नंबर पर कॉल करके पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। किसी तरह घायलों को क्षतिग्रस्त पिकअप के केबिन से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में तीन लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार शुरु किया लेकिन तीन अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं।
दुर्घटना कैसे हुई इसका पता अभी लगाया जा रहा है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक और परिचालक भागने की कोशिश कर रहे थे लेकिन पुलिस ने इन्हे हिरासत में ले लिया। ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। दुर्घटना कैसे हुई इसकी भी जांच चल रही है ताकि इस तरह की दुर्घटना की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। फिलहाल हिरासत में लिए गए चालक-परिचालक से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ-साथ स्थानीय सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।
यह दुर्घटना मंगलवार-बुधवार की रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर हुई। दुर्घटना के समय अंधेरा था और आशंका जताई जा रही है कि दोनों ही वाहन रफ्तार पर थे। यही कारण रहा कि टक्कर लगते ही पिकअप को काफी नुकसान हुआ। यही कारण रहा कि तीन लोगों की मौत हो गई और अन्य को भी गंभीर चोटें आई। फिलहाल कोई सीसीटीवी फुटेज पुलिस को नहीं मिली है। पुलिस का यह भी कहना है कि यदि आस-पास कोई कैमरा होता तो दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सकता था। दोनों ही वाहनों में से किसी में भी डैश-कैम भी नहीं लगा हुआ था। यदि एक भी वाहन में डैश-कैम होता तो दुर्घटना के कारणों और पूरी दुर्घटना में किसकी गलती रही इसका भी पता लगाया जा सकता था।