गाजीपुर

गाजीपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 38 अवैध असलहों के साथ 3 गिरफ्तार, एमपी से लेकर डिलीवरी करने पहुंचे थे

Ghazipur Police Workout: गाजीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में असलाहों के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़े गए आरोपी मध्य प्रदेश से हथियार लाकर उसकी डिलीवरी देने के लिए गाजीपुर पहुंचे हुए थे...
2 min read
• •
Oct 01, 2026
Ghazipur news
भारी मात्रा में असलहा बरामद, (Ghazipur Police)

Gun Smugglers Arrested in Ghazipur:उत्तर प्रदेश की गाजीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में असलाहों के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़े गए आरोपी मध्य प्रदेश से हथियार लाकर उसकी डिलीवरी देने के लिए गाजीपुर पहुंचे हुए थे। इसी दौरान पुलिस को मामले की जानकारी हो गई और तीन आरोपी इस मामले में पकड़े गए हैं। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से पुलिस आगे की पूछताछ कर रही है।

गाजीपुर के रहने वाले हैं आरोपी

जानकारी के मुताबिक, गाजीपुर की स्वाट टीम और कोतवाली गाजीपुर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध असलाहों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से .32 बोर की 18 पिस्टल, 9 एमएम की एक पिस्टल और .315 बोर का 19 तमंचा बरामद किया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने .32 बोर का 11 जिंदा कारतूस, 9 एमएम के दो जिंदा कारतूस, .315 बोर के पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पकड़े गए सभी आरोपी गाजीपुर के ही रहने वाले हैं, जिनकी पहचान गहमर के रतन विश्वकर्मा, रवि कुमार और दिलदारनगर के अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। इसके साथ ही दो ऐसे आरोपी हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं।

इस मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया है कि मुखबिर से गुरुवार की देर रात सूचना मिली कि कुछ तस्कर भारी मात्रा में अवैध असलहे लेकर कैंथवालिया पुलिया के पास मौजूद हैं और हथियारों की डिलीवरी किए जाने की तैयारी चल रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए मामले में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया और स्वाट प्रभारी देवेंद्र कुमार मिश्रा के साथ पुलिस टीम को रवाना किया गया। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिया के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया, जिसके बाद तीनों आरोपी भागने लगे। भागने के दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

दो अन्य की तलाश जारी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि वह सभी अवैध शस्त्रों की तस्करी करते हैं तथा मध्य प्रदेश के खंडवा और बुरहानपुर क्षेत्र से अवैध असलहों को लाकर उनकी डिलीवरी गाजीपुर में करने पहुंचे थे। पकड़े गए आरोपियों ने बताया है बताया है कि उनके दो अन्य साथी भी इस मामले में संलिप्त हैं। इसके बाद पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं, आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
01 Oct 2026 12:57 pm
Published on:
01 Oct 2026 12:56 pm