गाजीपुर

Vishal Singh Chanchal News: सरकारी फंड से जुड़े मामले ने पकड़ा तूल, जमानिया चेयरमैन पर FIR के बाद धरने पर बैठे जयप्रकाश गुप्ता

Fake Letter Pad Case: गाजीपुर में बीजेपी MLC विशाल सिंह चंचल के फर्जी लेटर पैड और हस्ताक्षर के जरिए शासन से 4.08 करोड़ रुपये लेने का आरोप लगा है। शिकायत पर नगरपालिका अध्यक्ष समेत कई लोगों पर केस दर्ज हुआ।
2 min read
Aug 08, 2026
Vishal Singh Chanchal News Ghazipur News Zamania Municipality
एमएलसी विशाल सिंह चंचल और जमानिया नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता

Vishal Singh Chanchal Fake Letter Pad Case: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में बीजेपी एमएलसी विशाल सिंह चंचल के नाम और कथित फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर शासन से करोड़ों रुपये की धनराशि हासिल करने का मामला सामने आया है। एमएलसी के प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप कुमार पाठक की शिकायत पर जमानिया नगरपालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता समेत अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

फर्जी लेटर पैड से शासन को भेजे गए दस्तावेज

एमएलसी प्रतिनिधि ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि विशाल सिंह चंचल के नाम से फर्जी लेटर पैड तैयार कर उस पर कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर किए गए। इसी लेटर पैड के जरिए जमानिया नगर पालिका की ओर से पंडित दीनदयाल योजना के तहत लाइटिंग और दूसरे विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजे गए। शिकायत के मुताबिक, इन प्रस्तावों के आधार पर शासन से करीब 4 करोड़ 8 लाख रुपये की धनराशि जारी हुई।

शासन से पत्र आया तो एमएलसी को हुई जानकारी

डॉ. प्रदीप पाठक के मुताबिक, नगर पालिका की ओर से जून में योजना से जुड़ी पत्रावली शासन को भेजी गई थी। इस प्रक्रिया की जानकारी एमएलसी और उनके सहयोगियों को नहीं थी। मामला तब सामने आया जब शासन की ओर से एमएलसी के नाम पर धनराशि जारी किए जाने से संबंधित पत्र मिला। जानकारी मिलने के बाद एमएलसी की ओर से मामले पर आपत्ति जताई गई। इसके बाद नगर विकास मंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत दी गई।

नगरपालिका अध्यक्ष ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

पुलिस ने शिकायत के आधार पर जमानिया नगरपालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता और उनके सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि, गुप्ता ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ बेबुनियाद तरीके से मुकदमा दर्ज कराया गया है। मुकदमा दर्ज होने के विरोध में जयप्रकाश गुप्ता शनिवार से धरने पर बैठ गए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दस्तावेजों समेत सभी संबंधित तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
08 Aug 2026 05:24 pm
Published on:
08 Aug 2026 05:24 pm