
सीएम योगी। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज
CM Yogi Ghazipur Visit:उत्तर प्रदेशके CM योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजीपुर दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने करीब 692 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 268 जन-कल्याणकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के साथ-साथ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों की नीतियों के कारण गाजीपुर की पहचान धूमिल हुई, जबकि उनकी सरकार राष्ट्रनायकों को सम्मान देने और प्रदेश के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
अपने संबोधन में CM योगी ने कहा कि गाजीपुर वीरों, साहित्यकारों और महान विभूतियों की भूमि रही है। उन्होंने 1971 के भारत-पाक युद्ध के वीर शहीद राम उग्र पांडे, हिंदी साहित्यकार कुबेरनाथ राय, गोपाल राय और गोपालराम गहमरी जैसी हस्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इतने गौरवशाली इतिहास के बावजूद एक समय ऐसा आया जब जिले की पहचान संकट में पड़ गई।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर गाजीपुर का नाम लेने से लोग क्यों डरने लगे और यहां आने से क्यों कतराने लगे। उनके अनुसार, इसके लिए वही राजनीतिक दल जिम्मेदार हैं जिन्होंने क्षेत्र के विकास और सम्मान के लिए कोई ठोस काम नहीं किया।
CM योगी ने अपने भाषण में महाराजा सुहेलदेव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रांता सालार मसूद को पराजित कर देश की रक्षा की थी, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों ने उनके सम्मान में कभी कोई बड़ा आयोजन नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सालार मसूद के नाम पर मेले आयोजित होते थे, जबकि उनकी सरकार ने इस पर रोक लगाकर महाराजा सुहेलदेव की स्मृति में आयोजन शुरू कराए। साथ ही बहराइच में उनकी भव्य प्रतिमा और स्मारक का निर्माण कराया गया तथा उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय की स्थापना भी की गई।
CM योगी ने कहा कि BJP की डबल इंजन सरकार राष्ट्रनायकों को उचित सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने देश और समाज की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया, उन्हें सम्मान मिलना चाहिए, न कि विदेशी आक्रांताओं का महिमामंडन होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर में मेडिकल कॉलेज बन चुका है और सड़क संपर्क में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि अब गाजीपुर से लखनऊ की दूरी करीब 3 से साढ़े 3 घंटे में पूरी की जा सकती है, जबकि पहले इसमें 8 से 10 घंटे तक लग जाते थे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को चंदौली, वाराणसी होते हुए शक्तिनगर तक जोड़ने की दिशा में सरकार काम करेगी, जिससे पूर्वांचल की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उसके शासनकाल के कामकाज का पर्दाफाश किया जाए तो उसके नेताओं के लिए जनता के बीच जाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले नौकरियों में पारदर्शिता नहीं थी और भर्ती प्रक्रियाओं में धांधली होती थी। उन्होंने कहा कि चाचा-भतीजे की जोड़ी पहले युवाओं की नौकरी में सेंधमारी के लिए निकल पड़ती थी।
CM योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में त्योहारों के दौरान दंगे होते थे, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर हुई है और सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि जो भी युवाओं की नौकरियों में सेंध लगाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उनके शब्दों में, ऐसे लोगों के लिए केवल दो ही रास्ते हैं- जेल या कड़ी कानूनी कार्रवाई।
गाजीपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुल 268 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, बेहतर कनेक्टिविटी और रोजगार के अवसर बढ़ाना है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
संबंधित विषय:
Updated on:
30 Jul 2026 12:42 pm
Published on:
30 Jul 2026 12:42 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
