
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
Farmer Compensation News: उत्तर प्रदेश में भारी बारिश से हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित इलाकों का दौरा कर जनहानि, पशुहानि और संपत्ति के नुकसान का तुरंत आकलन किया जाए। उन्होंने कहा है कि पीड़ित परिवारों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए और उन्हें हर जरूरी मदद उपलब्ध कराई जाए।
सीएम योगी ने भारी बारिश और इससे हुए नुकसान को लेकर अधिकारियों को सख्त आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में बारिश से नुकसान हुआ है, वहां अधिकारी खुद पहुंचकर हालात का जायजा लें। साथ ही प्रभावित लोगों को राहत सामग्री और जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाए। सीएम ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रभावित परिवार को परेशानी न हो और प्रशासन लगातार उनके संपर्क में रहे। उन्होंने जनहानि, पशुहानि और मकान या अन्य संपत्ति के नुकसान का सर्वे तेजी से पूरा करने को कहा है।
सीएम योगी ने बारिश की स्थिति को लेकर एक हाई लेवल समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को कम बारिश वाले क्षेत्रों में सूखे और अधिक बारिश वाले इलाकों में बाढ़ से निपटने की तैयारी रखने के निर्देश दिए। सीएम ने लोगों से आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर नागरिक की सुरक्षा, किसानों की फसल और लोगों की आजीविका की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। कुछ जगहों पर नदियां चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही हैं। इनमें बागपत और गौतमबुद्ध नगर में हिंडन नदी, बदायूं में गंगा, अयोध्या और बलिया में घाघरा तथा कुशीनगर में गंडक नदी शामिल हैं। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने इससे पहले बारिश की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा था कि जिन जिलों में कम बारिश हुई है, वहां सूखे की स्थिति से निपटने के लिए अलग योजना बनाई जाए। वहीं अधिक बारिश वाले क्षेत्रों में बाढ़ की चुनौती को देखते हुए तैयारी की जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ हो या सूखा, किसानों की फसल, आम लोगों की आजीविका और हर नागरिक की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। कम बारिश वाले जिलों में नहरों, जलाशयों और सरकारी नलकूपों जैसे सिंचाई संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अलग-अलग अलर्ट जारी किए हैं। बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, सीतापुर, हरदोई, अयोध्या, बाराबंकी, सहारनपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, बिजनौर, अमरोहा और मुरादाबाद समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी कर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
Updated on:
23 Jul 2026 08:44 pm
Published on:
23 Jul 2026 08:44 pm
