यूपी सरकार की बकरी पालन योजना में 90% तक सब्सिडी और फ्री ट्रेनिंग मिल रही है। कम निवेश में शुरू करें। अपना बिजनेस और बनें आत्मनिर्भर, जानें आवेदन की आसान प्रक्रिया।
अगर आप कम खर्च में अपना खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं तो यह खबर आपके लिए है। उत्तर प्रदेश सरकार बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए शानदार योजना लेकर आई है। इस योजना में 90% तक सब्सिडी, मुफ्त ट्रेनिंग और कई सुविधाएं दी जा रही हैं। खास बात यह है कि इसमें गरीब, छोटे किसान और महिलाओं को प्राथमिकता मिल रही है। जिससे वे आसानी से आत्मनिर्भर बन सकें।
उत्तर प्रदेश सरकार ग्रामीण इलाकों में लोगों की आय बढ़ाने और रोजगार के नए मौके देने के लिए बकरी पालन को बढ़ावा दे रही है। इस योजना के तहत किसानों और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक मदद के साथ-साथ पूरी ट्रेनिंग भी दी जा रही है। ताकि वे आसानी से अपना काम शुरू कर सकें और अच्छा मुनाफा कमा सकें। इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें सरकार 90% तक सब्सिडी दे रही है। लाभार्थी को अंशदान के रूप में सिर्फ 10% लगाना होगा। एक छोटी यूनिट में आपको 5 मादा बकरी और 1 बकरा दिया जाएगा। इसके अलावा, बकरियों के लिए शेड बनाने, चारा खरीदने और दवाइयों के खर्च में भी सरकार मदद करती है।
सरकार इस योजना में खासतौर पर गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को आगे बढ़ाना चाहती है। इसलिए अनुसूचित जाति और जनजाति की महिलाएं, विधवा महिलाएं, छोटे किसान, भूमिहीन परिवार और दिव्यांग लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। इतना ही नहीं, दिव्यांगों के लिए अलग से आरक्षण भी रखा गया है।
सब्सिडी की बात करें तो अलग-अलग वर्ग के लिए अलग सुविधा है। महिलाओं और SC/ST वर्ग को 90% तक की सब्सिडी मिल सकती है। जिसकी अधिकतम सीमा 7.5 लाख रुपये तक है। वहीं सामान्य वर्ग के लोगों को 70% तक सब्सिडी दी जाती है। जिसकी सीमा 5 लाख रुपये तक है।
इस योजना में सिर्फ पैसा ही नहीं दिया जाता। बल्कि आपको बकरी पालन की पूरी जानकारी भी दी जाती है। सरकार की तरफ से मुफ्त ट्रेनिंग दी जाती है। जिसमें आपको बकरियों की देखभाल, बीमारी से बचाव, सही खान-पान और बेहतर उत्पादन के तरीके सिखाए जाते हैं। इससे नए लोग भी बिना किसी डर के इस काम को शुरू कर सकते हैं।
अगर आप इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं। तो आवेदन प्रक्रिया भी काफी आसान रखी गई है। आप घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आपको पशुपालन विभाग की वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भरना होगा। आवेदन करते समय आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जमीन से जुड़े कागज और फोटो जैसे जरूरी दस्तावेज लगाने होंगे। आवेदन के बाद मिलने वाले रजिस्ट्रेशन नंबर को संभालकर रखना जरूरी है। अगर ऑनलाइन आवेदन में दिक्कत हो तो आप अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर भी मदद ले सकते हैं। बकरी पालन एक ऐसा व्यवसाय है। जिसमें कम लागत में जल्दी कमाई शुरू हो जाती है। इसे छोटे स्तर पर भी शुरू किया जा सकता है। और धीरे-धीरे बढ़ाया जा सकता है। यही वजह है कि गांवों में यह रोजगार का अच्छा साधन बन रहा है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी शशि कुमार शर्मा ने बताया कि इस योजना के तहत बकरी पालन पर 90 प्रतिशत का अनुदान दिया जाता है। यह योजना सभी वर्गों के लिए है। लेकिन जो बकरी पालन पहले से कर रहे हैं। उन्हें प्राथमिकता मिलेगी। पिछले वित्तीय वर्ष में सामान्य और ओबीसी जाति के लिए जिले को 8 का लक्ष्य मिला था। जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए 10 का लक्ष्य था कुल मिलाकर 18 यूनिट का लक्ष्य मिला था।