गोंडा

जमीन विवाद से परेशान युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, बोला- “न्याय दिलाओ वरना कूद जाऊंगा

गोंडा में जमीनी विवाद को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित पानी के टंकी पर सोमवार को दोपहर में एक युवक चढ़ गया। वह बार-बार न्याय की मांग को लेकर वहां से कूदने की धमकी दे रहा था। जिससे प्रशासन के हाथ- पांव फूल गए।
less than 1 minute read
Aug 18, 2025
Gonda
न्याय के लिए पानी की टंकी पर चढ़ा युवक फोटो सोर्स पत्रिका

गोंडा में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब जमीन विवाद से त्रस्त एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। कलेक्ट्रेट परिसर के पास हुई इस घटना ने अफसरों और कर्मचारियों को परेशान कर दिया। युवक का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से वह मजबूरन यह कदम उठाने पर विवश हुआ।

गोंडा जिले के खरगूपुर चांद गांव के रहने वाले 35 वर्षीय रामकिशुन सोमवार दोपहर अचानक कलेक्ट्रेट परिसर के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। कुछ ही देर में यह खबर पूरे इलाके में फैल गई। और वहां अफसरों व कर्मचारियों की भीड़ लग गई। टंकी पर चढ़े रामकिशुन ने हाथ जोड़कर अधिकारियों से गुहार लगाई कि उसके पटीदारों ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है। और घर का रास्ता भी बंद कर दिया है।

न्याय के लिए टंकी पर चढ़ा युवक

रामकिशुन का कहना है कि वह पिछले एक महीने में कई बार एसडीएम कर्नलगंज से शिकायत कर चुका है। लेकिन अभी तक किसी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नाराज होकर उसने टंकी पर चढ़कर चेतावनी दी कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह कूद जाएगा। करीब एक घंटे तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उसे शांत कराने में जुटे रहे। इस दौरान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट और नगर कोतवाल मौके पर पहुंचे। युवक की शिकायत पर जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों का भरोसा मिलने के बाद आखिरकार दोपहर करीब साढ़े एक बजे रामकिशुन को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के बाद प्रशासन ने दावा किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। पीड़ित को न्याय दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस पूरे घटनाक्रम से कलेक्ट्रेट परिसर में अफसरों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Updated on:
18 Aug 2025 05:43 pm
Published on:
18 Aug 2025 05:43 pm