कैंसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर दिया बड़ा विवादित बयान, गुस्से में कांग्रेसी
गोंडा. कैंसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना काम कर रहे हैं, जिसे भौंकना है भौंकता रहे...। सांसद बृजभूषण ने केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के विकास कार्य की समीक्षा करने गोण्डा के परसपुर पहुंचे थे।
हमेशा मीडिया में बने रहने वाले भाजपा के कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर अपने विवादित बयान से सुर्खियों में हैं। सांसद बृजभूषण शरण सिंह से जब यह पूछा गया कि राहुल गांधी ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि बच्चे एग्जाम कैसे पास कर रहे। इस पर मोदी जी दो घंटे बोले, लेकिन बैंक घोटाले पर दो मिनट भी नहीं बोला इस पर जवाब देते हुए सांसद ने कहा कि राहुल गांधी को बैंक घोटाले पर बोलने का अधिकार ही नहीं बनता है, यह घोटाला उनके समय में शुरू हुआ।
सांसद बोले- अभी तो इनको भी लपेटे में आना बाकी है
सांसद यही नहीं रुके। उन्होंने रॉबर्ट वाड्रा व सोनिया गांधी को भी लपेटे में लेते हुए कहा कि अभी सरकार ने शिकंजा कसना शुरू किया है तो बैंक घोटाला पकड़ा जा रहा है। अभी उनके बहनोई का घोटाला पकड़ा जाएगा। हो सकता है उनकी मां भी आयें। वो भी आयेंगे तो फिर चिल्लायेंगे, फिर भी सरकार अपना काम कर रही है।
कहा- कुत्ते भौंकते रहते हैं और हाथी चलता रहता है...
आगे मुहावरे का प्रयोग करते हुए सांसद ने कहा कि जैसे कुत्ते भौंकते रहते हैं ... हाथी मस्त चाल से चलता रहता है। प्रधानमंत्री मंत्री जी अपना काम कर रहे हैं। देश की सेवा करने में लगे हैं।
राहुल गांधी ने दिया था ये बयान
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएनबी घोटाले के आरोपी नीरव मोदी को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि उन्हें (प्रधानमंत्री) इतने बड़े घोटाले पर बोलना चाहिये। साथ ही वह बतायें कि वह इस बारे में क्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बच्चों को यह बता रहे हैं कि एग्जाम कैसे दिया जाये, लेकिन वह यह नहीं बता रहे हैं कि यह घोटाला कैसे हुआ।
देखें वीडियो...