
कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस बार धमकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर की गई पोस्ट के जरिए दी गई है। पोस्ट वायरल होने के बाद पुलिस को शिकायत दी गई है। जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
गोंडा जिले के कैसरगंज से पूर्व सांसद रहे बृजभूषण शरण सिंह को फेसबुक पर धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। गुरुवार शाम सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट में उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए जान से मारने की बात कही गई। पोस्ट सामने आने के बाद समर्थकों और स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, पंडित शंकर दत्त शुक्ला नाम के एक फेसबुक यूजर ने अपने अकाउंट से पोस्ट साझा की। पोस्ट में उसने दावा किया कि वह जो कहता है। उसे पूरा करता है। इसके साथ ही उसने बृजभूषण शरण सिंह को निशाना बनाते हुए गंभीर धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया। इसको लेकर लोग सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर खुलेआम धमकी देना कानून व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है।
बताया जा रहा है कि संबंधित फेसबुक प्रोफाइल पर युवक ने खुद को भाजपा से जुड़ा युवा नेता बताया है। उसकी प्रोफाइल में निवास स्थान अयोध्या दर्ज है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी भी जानकारी की पुष्टि की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की धमकी या भड़काऊ पोस्ट को गंभीरता से लिया जाता है। दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 14 जून को भी बृजभूषण शरण सिंह और उनके बेटे, गोंडा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह को धमकी मिलने का मामला सामने आया था। उस मामले में जांच के दौरान राजस्थान के एक युवक की पहचान हुई थी। पुलिस ने उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया था। अब ताजा मामले ने एक बार फिर सुरक्षा और सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। यह गंभीर विषय है। तहरीर मिलते ही जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।