गोंडा

Brij Bhushan Singh: 3 साल की चुप्पी टूटी, बृजभूषण के बेटे ने विरोधियों से पूछा- अब कौन मांगेगा माफी?

Brij Bhushan Singh: पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को अदालत से राहत मिलने के बाद उनके बेटे और कैसरगंज सांसद करन भूषण सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने विरोधियों से माफी मांगने की बात कही और परिवार के तीन साल के संघर्ष का जिक्र किया। वहीं, बृजभूषण के अयोध्या दौरे और भव्य स्वागत की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।
2 min read
Aug 05, 2026
Brij bhushan singh son karan bhushan big statement ayodhya visit
बृजभूषण और करन भूषण सिंह फोटोसोर्स @karanBhushanSingh_57 instagram

Brij Bhushan Singh: पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को अदालत से राहत मिलने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उनके बेटे और कैसरगंज सांसद करन भूषण सिंह ने कहा कि अब उनके पिता पर आरोप लगाने वालों को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि बीते तीन वर्षों में उनके परिवार ने मानसिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना किया। इस बीच बृजभूषण के अयोध्या दौरे को लेकर भी बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं।

पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को अदालत से राहत मिलने के बाद उनके परिवार और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। फैसले के बाद उनके बेटे और कैसरगंज सांसद करन भूषण सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी।
करन भूषण सिंह ने कहा कि अदालत के फैसले ने सच्चाई को सामने ला दिया है। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने सार्वजनिक जीवन में कई चुनौतियों का सामना किया है। लेकिन पिछले तीन वर्ष उनके पूरे परिवार के लिए सबसे कठिन रहे। उनका कहना था कि इस दौरान परिवार को मानसिक तनाव, सामाजिक आलोचना और कई तरह की परेशानियों से गुजरना पड़ा।

बिना सच्चाई जाने पिताजी को लगातार निशाना बनाया गया

सांसद ने कहा कि जिन लोगों ने बिना पूरी सच्चाई जाने उनके पिता पर आरोप लगाए और लगातार उन्हें निशाना बनाया गया। अब उन्हें अपने बयान पर विचार करते हुए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि उनके पिता आगे भी राजनीति में सक्रिय रहेंगे। और एक बार फिर संसद तक पहुंचेंगे।

कल अयोध्या पहुंचने की उम्मीद

करन भूषण ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की गई। उनके अनुसार जनता ने सब कुछ देखा है। अदालत के फैसले के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो गई है। इधर, बृजभूषण शरण सिंह के अयोध्या दौरे की तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं। सांसद प्रतिनिधि सोनू सिंह के अनुसार वह गुरुवार को चार्टर विमान से अयोध्या पहुंचेंगे। वहां से सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे। इसके बाद नंदिनीनगर जाएंगे।

बृजभूषण के स्वागत के लिए तैयारियां जोरों पर

स्वागत को भव्य बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजकों के मुताबिक 51-51 किलोग्राम की 11 मालाएं तैयार कराई गई हैं। करीब 500 वाहनों का काफिला उनके स्वागत में शामिल होगा। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आयोजकों का दावा है कि करीब एक लाख लोग इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इसी को देखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Updated on:
05 Aug 2026 12:40 pm
Published on:
05 Aug 2026 12:40 pm