कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर से नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए हमला बोला।
गोंडा. कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर से नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब सरकार की सिर्फ जुमलेबाजी से काम नहीं होगा। इसके साथ ही भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए तो पूर्वांचल में भाजपा को खाता नहीं खोलने देंगे। टिकरी जंगल स्थित रुदापुर सम्मय माता स्थान परिसर में रविवार को सुहेल देव भारतीय समाज पार्टी की जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा, मैं गरीब, पिछड़ा, मजबूर आदि लोगों के हक और न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रहा हूं।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर 9 अक्टूबर को होने वाली कैबिनेट की बैठक में पिछड़ा, अति पिछड़ा और सर्वाधिक पिछड़े के लिए आरक्षण दिलाने की बात रखेंगे। सभा में उन्होंने मोदी सरकार को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि जुमलेबाजी हमसे नहीं चल सकती है। अमित शाह ने जो चुनावी वादे किए थे अगर वो पूरे न हुए तो पूर्वांचल क्षेत्र में भाजपा का खाता नहीं खुलने देंगे।
18 अक्तूबर को बैठेंगे धरने पर
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पुलिस प्रशासन को भी छोड़ा उसे भी आड़े हाथों लिया और कहा कि अभी पिछले दिनों एक ईंट-भट्ठे पर नान्हू राजभर की एक जाति के लोगों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। मामले में कोतवाल ने रिश्वत लेकर मुख्य आरोपी कमलेश सिंह को गिरफ्तार नहीं किया था। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री व डीजीपी से करेंगे तथा मृतक के परिवारीजनों को मुआवजा दिलाने की मांग करेंगे। 18 अक्टूबर को हजारों कार्यकर्ताओं के साथ मनकापुर कोतवाली का घेराव कर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर धरने पर बैठ सकते हैं।
जाति देखकर मुआवजा बांट रही सरकार
ओमप्रकाश राजभर ने योगी सरकार पर आरोप लगाया कि यह सरकार जाति के आधार पर लोगों को मुआवजा दे रही है। अगर पंडित जाति का मरता है तो 30 लाख, ठाकुर है 25 लाख, यादव है तो 15 लाख तक मुआवजा दिया जा रहा है लेकिन दलित, चौहान, गड़रिया राजभर, वैश्य या अन्य जाति के हैं तो सरकार के खजाने में बिल्कुल भी पैसा नहीं है।