
पकड़ा गया आरोपी जानकारी देते ASP फोटो सोर्स पुलिस मीडिया सेल
Gonda Crime: गोंडा में बहन के घर जाने के लिए बस से निकली युवती रास्ते में लापता हो गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो शक एक युवक पर गया। 18 सितंबर को पुलिस ने आरोपी को अयोध्या के नया घाट पुल के पास पकड़ लिया। पूछताछ में उसने युवती की हत्या की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर चाकू, कपड़े और बाइक बरामद हुई।
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में युवती के लापता होने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, युवती को उसकी मां ने 15 सितंबर को अयोध्या में रहने वाली बड़ी बहन के घर जाने के लिए जमुनियाबाग बाजार से बस पर बैठाया था। युवती अपनी बहन के घर नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित जगहों पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। युवती की मां ने मामले की जानकारी थाना कोतवाली देहात पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए युवती की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान जांच में संदिग्ध युवक भानु प्रताप निषाद का नाम सामने आया।
18 सितंबर को कोतवाली देहात पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि भानु प्रताप निषाद अयोध्या में नया घाट पुल के पास मौजूद है। वहां से भागने की कोशिश में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने युवती की हत्या करने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू, घटना के समय पहनी गई टी-शर्ट और जींस तथा मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी युवती से वर्ष 2023 से जान-पहचान थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी और वे एक-दूसरे से मिलते भी थे। आरोपी के मुताबिक वह युवती के साथ रहना चाहता था। लेकिन युवती इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर वह नाराज था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि 15 सितंबर को उसे युवती के अयोध्या आने की जानकारी मिली। इसके बाद वह मोटरसाइकिल से नया घाट बाईपास के पास पहुंचा और युवती को अपने साथ लेकर एक सुनसान स्थान पर चला गया।
पुलिस के मुताबिक, वहां दोनों के बीच साथ रहने और शादी करने की बात को लेकर विवाद हुआ। युवती शादी के लिए तैयार नहीं थी। आरोप है कि इसी दौरान भानु प्रताप ने पहले से अपने पास रखे चाकू से युवती की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए आरोपी ने उसे सड़क के नीचे स्थित सरयू नदी की सोती के पानी में डाल दिया। इसके बाद चाकू को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चाकू समेत अन्य सामान बरामद किया है। मामले में पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Updated on:
19 Sept 2026 07:10 pm
Published on:
19 Sept 2026 07:10 pm
