
Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा में देवीपाटन मंडल के चार जिलों के 41 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती के मेधावी शामिल हुए। कार्यक्रम के लिए तीन लाख वर्गफीट में विशाल पंडाल बनाया गया था। विद्यार्थियों को लाने के लिए करीब 1500 वाहनों की व्यवस्था की गई थी।
गोंडा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में देवीपाटन मंडल के 41 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में चार जिलों के विद्यार्थी शामिल हुए। इनमें सबसे अधिक 30 हजार विद्यार्थी गोंडा जिले के थे। इसके अलावा बलरामपुर और बहराइच के पांच-पांच हजार तथा श्रावस्ती के एक हजार विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की गई थीं। आयोजन स्थल पर करीब तीन लाख वर्गफीट क्षेत्र में विशाल पंडाल बनाया गया था। इसमें लगभग 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। विद्यार्थियों के साथ आने वाले लोगों और अन्य अतिथियों के बैठने के लिए भी इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर को उतारने के लिए लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के विज्ञान परिसर में हेलीपैड तैयार किया गया था।
चार जिलों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के पहुंचने को देखते हुए परिवहन की विशेष व्यवस्था की गई थी। एआरटीओ आरसी भारतीय के मुताबिक, विद्यार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए करीब 1500 वाहनों की व्यवस्था की गई थी। इनमें लखनऊ से 200, गोरखपुर से 150, अयोध्या से 50 और सीतापुर से 49 बसें लगाई गई थीं। इसके अलावा गोंडा, बहराइच और बलरामपुर से 160 तथा रुपईडीहा से 50 बसों की व्यवस्था की गई थी। विद्यार्थियों के आवागमन के लिए 254 निजी वाहनों को भी लगाया गया था। प्रशासन ने अलग-अलग जिलों से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन की तैयारी की थी।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एएसपी पूर्वी अजीत कुमार रजक ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सात अपर पुलिस अधीक्षकों, 18 क्षेत्राधिकारियों और 82 निरीक्षकों व थानाध्यक्षों को सौंपी गई थी। इसके अलावा डेढ़ कंपनी पीएसी और एलआईयू के 11 कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और लोगों के पहुंचने के कारण यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। ताकि आवागमन सुचारु बना रहे।