गोंडा

“तीन बार प्रीलिम्स में फेल… फिर भी नहीं मानी हार, पांचवें प्रयास में UPSC क्रैक कर गोंडा की बेटी ने रचा इतिहास”

तीन बार प्रीलिम्स में असफल, चौथी बार इंटरव्यू में चूक… लेकिन गोंडा की प्राची सोनी ने हार नहीं मानी। पांचवें प्रयास में UPSC में 680वीं रैंक हासिल कर संघर्ष और हौसले की मिसाल पेश की।

2 min read
Mar 06, 2026
रांची शहर सोनी फोटो सोर्स परिजन

कहते हैं पंखों से नहीं हौसलों से उड़ान होती है। सपने उन्हीं के पूरे होते हैं, जिनके सपनों में जान होती है। इन्हीं लाइनों को चरितार्थ करते हुए गोंडा जिले के छपिया क्षेत्र की रहने वाली प्राची शेखर सोनी ने संघर्ष और मेहनत की मिसाल पेश करते हुए यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 680वीं रैंक हासिल की है। कई असफलताओं के बाद पांचवें प्रयास में मिली इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती।

गोंडा जिले के छपिया ब्लॉक के हथियागढ़ गांव की रहने वाली प्राची शेखर सोनी ने कड़ी मेहनत और लगातार प्रयास के दम पर संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 680वीं रैंक हासिल की है। इनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और जिले में खुशी का माहौल है। प्राची सहायक अध्यापक कृष्ण कुमार और सरोज सोनी की बेटी हैं। प्राची की शुरुआती पढ़ाई हथियागढ़ के गर्ग परफेक्ट कॉलेज से हुई। जहां उन्होंने कक्षा 1 से 8 तक शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने 2014 में डीएवी इंटर कॉलेज, आईटीआई मनकापुर से हाईस्कूल की परीक्षा पास की और 2016 में यहीं से इंटरमीडिएट पूरा किया। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने विश्नोहरपुर स्थित लखन लाल शरण सिंह महाविद्यालय से बीएससी की डिग्री हासिल की।

ये भी पढ़ें

गोंडा के कार्तिकेय सिंह ने रचा इतिहास! दूसरे प्रयास में UPSC पास, 269वीं रैंक पाकर बढ़ाया जिले का मान

प्राची ने पांचवें प्रयास में रचा इतिहास

यूपीएससी की राह उनके लिए आसान नहीं थी। शुरुआती तीन प्रयासों में वह प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर पाईं। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और तैयारी जारी रखी। चौथे प्रयास में वह मुख्य परीक्षा पास कर इंटरव्यू तक पहुंचीं। लेकिन अंतिम चयन में जगह नहीं बना सकीं। आखिरकार पांचवें प्रयास में उनका सपना पूरा हुआ और उन्हें ऑल इंडिया 680वीं रैंक प्राप्त हुई। प्राची का परिवार भी शिक्षा से जुड़ा हुआ है। उनके बड़े भाई कीर्ति शेखर सोनी एमबीबीएस डॉक्टर हैं। उनकी छोटी बहन प्रज्ञा शेखर सोनी भी मेडिकल की पढ़ाई कर रही हैं। जबकि सबसे छोटी बहन अपूर्व शेखर सोनी इंटरमीडिएट में पढ़ाई कर रही हैं।

बिहार प्रदेश में उप निर्वाचन अधिकारी के पद पर कार्यरत

प्राची वर्तमान में बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता के बाद बिहार प्रशासन में उप निर्वाचन अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में बीपीएससी परीक्षा पास कर 69वीं रैंक हासिल की थी। अपनी सफलता पर प्राची का कहना है कि उन्हें हमेशा अपने माता-पिता का पूरा सहयोग मिला। उनका मानना है कि असफलता से घबराने के बजाय लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।

Updated on:
06 Mar 2026 09:10 pm
Published on:
06 Mar 2026 09:09 pm
Also Read
View All

अगली खबर