6 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीएम योगी बोले- दंगाइयों के आगे नतमस्तक होती थी सपा सरकार, अब दंगा करने वालों का वर्तमान ही नहीं, भविष्य भी जाएगा

CM Yogi Adityanath Statement: गोंडा दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें दंगाइयों के आगे नतमस्तक हो जाती थीं। जबकि अब कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होती है।

2 min read
Google source verification
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फोटो सोर्स सूचना विभाग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फोटो सोर्स सूचना विभाग

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा जिले के कर्नलगंज और कटरा विधानसभा क्षेत्रों को 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। चकरौत गांव में आयोजित जनसभा में उन्होंने कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, अयोध्या, रोजगार और किसानों से जुड़े मुद्दों पर बात करते हुए कहा कि प्रदेश में बिना भेदभाव सभी पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

आजादी की लड़ाई में गोंडा का रहा महत्वपूर्ण योगदान

मुख्यमंत्री बलरामपुर स्थित मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद गोंडा के चकरौत गांव पहुंचे। यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गोंडा एक ऊर्जावान जिला है। जहां के किसान, महिलाएं और युवा लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में भी जिले का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। लेकिन पहले इसे वह पहचान नहीं मिल सकी जिसकी यह हकदार था। पहले यूपी की पहचान दंगों से होती थी। सपा की सरकार के समय कर्फ्यू लगता था। समाजवादी पार्टी की सरकार दंगाइयों के आगे नतमस्तक होती थी, अब ऐसा नहीं है। अब दंगा करने वालों का वर्तमान ही नहीं, भविष्य भी जाएगा।

वर्ष 2017 से पहले धार्मिक आयोजन में बाधाएं उत्पन्न होती थी


योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से गोंडा के युवाओं को अब सम्मान और रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों और निवेश के जरिए जिले के नौजवानों को रोजगार मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बिना किसी जाति, धर्म या क्षेत्र के भेदभाव के सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर थी। कई धार्मिक आयोजनों में बाधाएं उत्पन्न होती थीं। लेकिन अब ऐसा नहीं है।

राम मंदिर आंदोलन में गोंडा के लोगों का रहा महत्वपूर्ण योगदान

CM योगी ने अपने संबोधन में अयोध्या और राम मंदिर का भी जिक्र किया। योगी ने कहा कि राम मंदिर निर्माण करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय था। अब वहां आने वाले श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि गोंडा के लोगों का राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

गोंडा मेडिकल कॉलेज का सपना पूरा हुआ

मुख्यमंत्री ने जिले में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गोंडा में मेडिकल कॉलेज का सपना पूरा हुआ है। इसके अलावा इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि कॉलेज, नई सड़कें और पुल जैसी कई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सभी जिलों के संतुलित विकास पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने टेढ़ी नदी पर पुल निर्माण की घोषणा

योगी आदित्यनाथ ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम और मेले आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने टेढ़ी नदी पर पुल निर्माण की घोषणा भी की और कहा कि बाढ़ की समस्या को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों की लगातार समीक्षा की जाएगी। ताकि जनता को उनका पूरा लाभ मिल सके।