
Gonda News: गोंडा जिले के नवाबगंज क्षेत्र के रहने वाले अब्दुल रज्जिक उस्मानी को समाजवादी पार्टी ने प्रदेश स्तर पर अहम जिम्मेदारी सौंपी है। बसपा छोड़कर सपा में शामिल होने के कुछ दिनों बाद ही उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव नामित किया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति से जारी नियुक्ति पत्र के बाद जिले के सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।
गोंडा जिले में समाजवादी पार्टी ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिले के नवाबगंज क्षेत्र के रहने वाले अब्दुल रज्जिक उस्मानी को प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। अभी कुछ दिनों पहले रज्जिक उस्मानी ने बसपा छोड़कर अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा की सदस्यता ग्रहण किया था। अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुमति से 20 नवंबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञाप के माध्यम से उनकी नियुक्ति की गई है। जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, ग्राम शाहपुर, पोस्ट नवाबगंज के रहने वाले अब्दुल रज्जिक उस्मानी को समाजवादी पार्टी की उत्तर प्रदेश राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव नामित किया गया है। नियुक्ति पत्र पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के निजी सचिव गंगाराम के हस्ताक्षर हैं। इसकी प्रतिलिपि आवश्यक कार्यवाही के लिए पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव तथा प्रदेश अध्यक्ष को भी भेजी गई है।
अब्दुल रज्जिक उस्मानी को प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से गोंडा जिले में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह है। सपा नेता मनकापुर विधानसभा पूर्व प्रत्याशी विजय पासवान ने उस्मानी की नियुक्ति को पार्टी के लिए लाभदायक बताया।स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसे जिले के लिए सम्मान की बात बताते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
अब्दुल रज्जिक उस्मानी को प्रदेश सचिव बनाए जाने पर नवाबगंज क्षेत्र का राजनीतिक महत्व भी प्रदेश स्तर पर बढ़ा है। बधाई देने वालो मे वरिष्ठ सपा नेता जयसेन सिंह,पवन सिंह,पूर्व प्रत्याशी मनकापुर विधानसभा श्यामनरायण कोरी, लालचंद गौतम, दिनेश यादव, डा. शफीक, अखिलेश यादव, प्रदीप यादव, शैलेन्द्र सिंह,महेश गुप्ता,मिथुन गुप्ता सहित तमाम लोगो ने दिया।