गोंडा

संजय निषाद क्यों भड़के गोंडा SP पर? ‘इतनी फोर्स क्यों लगा दी’ कहकर जताई नाराजगी, जानिए कौन हैं IPS अभिषेक

Gonda SP Abhishek Jha: गोंडा में बर्तन कारोबारी विनोद साहनी की हत्या के बाद मंत्री संजय निषाद ने पुलिस पर नाराजगी जताई। SP अभिषेक झा से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल किए।
3 min read
Sep 11, 2026
Gonda News, Gonda Crime, Gonda Murder, Sanjay Nishad,
IPS ऑफिसर अभिषेक झा (photo- x@aditytiwarilive)

Gonda SP Abhishek Jha: उत्तर प्रदेश के गोंडा में बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के बाद मामला सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक रूप भी लेने लगा है। कारोबारी पर बुधवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने घेरकर हमला किया था। गंभीर हालत में उन्हें पहले गोंडा मेडिकल कॉलेज और फिर लखनऊ ले जाया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी के बाद निषाद पार्टी के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद गोंडा पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह गोंडा एसपी अभिषेक झा से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल करते नजर आ रहे हैं।

सर्किट हाउस में एसपी से भिड़े मंत्री

वीडियो में संजय निषाद एसपी से पूछते दिखाई दे रहे हैं कि सर्किट हाउस के चारों तरफ इतनी पुलिस फोर्स क्यों तैनात की गई है। मंत्री ने कहा कि वह पीड़ित परिवार और समर्थकों के साथ यहां आए हैं, ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश क्यों की जा रही है। मंत्री ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे सरकार की छवि खराब हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह विरोध करेंगे तो दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। वहीं, एसपी अभिषेक झा उनके सामने खड़े होकर उनकी बात सुनते रहे।

पहले धरने पर बैठे, फिर गोंडा पहुंचने की दी चेतावनी

विनोद साहनी की मौत के बाद संजय निषाद ने पुलिस से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। इससे पहले वह लखनऊ में पोस्टमार्टम हाउस पर समर्थकों के साथ धरने पर भी बैठ गए थे। मंत्री ने चेतावनी दी थी कि अगर गुरुवार रात तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह शुक्रवार को गोंडा पहुंचकर एसपी आवास और कार्यालय का घेराव करेंगे। पोस्टमार्टम में देरी को लेकर भी समर्थकों ने नाराजगी जताई। बताया गया कि जरूरी कागजात समय पर नहीं पहुंचने के कारण प्रक्रिया रात तक शुरू नहीं हो सकी थी।

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे विनोद

45 वर्षीय विनोद कुमार साहनी शाहपुर गांव के भग्गन चौराहे पर बर्तन की दुकान चलाते थे। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार रात दुकान बंद करने के बाद वह घर जा रहे थे। दुकान से उनका घर करीब एक किलोमीटर दूर था। रास्ते में तीन-चार बाइक पर आए करीब 13 लोगों ने उन्हें रोक लिया और उन पर हमला कर दिया। हमले में कांता, भाला और धारदार हथियार इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। फायरिंग का आरोप भी लगाया गया है। गंभीर रूप से घायल विनोद को इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

तीन आरोपी गिरफ्तार, मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ी

मामले में शुभम सिंह उर्फ गोलू सिंह, आकाश सिंह और सुभाष सिंह समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय के अनुसार, विनोद की मौत के बाद पहले से दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई गई है। पुलिस ने शुभम सिंह, सुभाष सिंह और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है।

कौन हैं एसपी अभिषेक झा?

मंत्री संजय निषाद के साथ वीडियो सामने आने के बाद गोंडा के एसपी अभिषेक झा भी चर्चा में हैं। अभिषेक झा 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले हैं। बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी की थी। बाद में सिविल सेवा की तैयारी के लिए नौकरी छोड़ दी और यूपीएससी परीक्षा में तीसरे प्रयास में सफलता हासिल की। अभिषेक झा इससे पहले शामली में एसपी और नोएडा में एडीसीपी क्राइम की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा अयोध्या, झांसी, आगरा और अलीगढ़ में भी सेवाएं दे चुके हैं। हाल में उन्हें बिजनौर से गोंडा भेजा गया था।

Published on:
11 Sept 2026 03:15 pm