
पकड़े गए आरोपी के साथ पुलिस टीम
Gonda Vinod Sahni Murder Case: गोंडा में निषाद समाज के नेता विनोद साहनी की हत्या के मामले में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद की नाराजगी के बाद पुलिस महकमे में देर रात बड़ा फेरबदल किया गया। मंत्री ने एसपी को फोन कर लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। इसके बाद एसपी अभिषेक झा ने परसपुर थाने और शाहपुर चौकी में नई तैनाती की। खोड़ारे थाने के प्रभारी कृष्ण गोपाल राय को परसपुर का नया थाना प्रभारी बनाया गया है।
गोंडा जिले में निषाद समाज के नेता विनोद साहनी हत्याकांड के बाद पुलिस महकमे में देर रात फेरबदल किया गया। कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने मामले को लेकर नाराजगी जताते हुए एसपी अभिषेक झा से फोन पर बात की थी। उन्होंने लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित करने और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कही थी। साथ ही आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई का वीडियो और एफआईआर की कॉपी भेजने को कहा था। मंत्री ने चेतावनी दी थी कि अगर मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वह गोंडा पहुंचकर धरना देंगे।
इसके बाद गुरुवार देर रात एसपी ने पुलिस विभाग में नई तैनाती के आदेश जारी किए। आधी रात खोड़ारे थाने के प्रभारी उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल राय को परसपुर थाने का नया प्रभारी बनाया गया। एसपी के निर्देश के बाद रात को ही परसपुर थाने पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया। इसी तरह गोंडा देहात कोतवाली में तैनात महिला उपनिरीक्षक निशा निषाद को शाहपुर चौकी का प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने भी रात कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
विनोद साहनी की मौत के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद परसपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कमल शंकर चतुर्वेदी, शाहपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित सिंह और बीट आरक्षी अभिमन्यु भारती को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है।
एसपी अभिषेक कुमार के मुताबिक, परसपुर थाना क्षेत्र में विनोद कुमार निषाद के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, पोस्ट को लेकर आरोपी नाराज थे। इसी बात को लेकर मारपीट की गई। मारपीट में घायल विनोद कुमार निषाद की इलाज के दौरान लखनऊ स्थित केजीएमयू में मौत हो गई। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
Updated on:
11 Sept 2026 09:46 am
Published on:
11 Sept 2026 09:46 am
