गोंडा

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, फिर शुरू हुई बुलेट की मांग, बहू की मौत के बाद पति समेत 3 गिरफ्तार

Gonda Dowry Death: गोंडा के खोड़ारे थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न से जुड़ी विवाहिता वंदना देवी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। परिजनों ने बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया है।

2 min read
Jun 20, 2026
gonda murder case update
इस तस्वीर में वंदना अपने पति के साथ हैंं।

गोंडा के खोड़ारे थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न से जुड़ी एक विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डेढ़ साल पहले शादी के बाद से बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर महिला को प्रताड़ित किए जाने का आरोप है। 18 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।

गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतका की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। लेकिन शादी के बाद से ही दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खोड़ारे पुलिस ने यह कार्रवाई की। मामले में अमृता यादव, निवासी बुक्कनपुर थाना खोड़ारे, ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री वंदना देवी की शादी ग्राम बक्सरिया ग्रांट बनकटवा के रहने वाले विसमभर उर्फ लालमन यादव के साथ हुई थी।

महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति समेत तीन गिरफ्तार

परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर वंदना को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि 18 जून 2026 को ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट किए जाने के बाद वंदना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर पुलिस ने शनिवार को मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पति विसमभर उर्फ लालमन यादव, मोहन यादव और अशोक यादव शामिल हैं। तीनों आरोपी भीखी यादव के पुत्र बताए गए हैं। बक्सरिया ग्रांट बनकटवा गांव के रहने वाले हैं।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है। और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Updated on:
20 Jun 2026 05:09 pm
Published on:
20 Jun 2026 05:01 pm