
Gonda police Action: गोंडा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत एक आरोपी की लाखों रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क कर दी। डीएम के आदेश पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने लखनऊ स्थित आरोपी के नवनिर्मित मकान को जब्त किया। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। संगठित अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।
गोंडा जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में संगठित अपराध के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले एक गैंगस्टर की लाखों की संपत्ति पर कानून का शिकंजा कस दिया गया है। पुलिस के अनुसार, शिवम त्रिपाठी उर्फ शिवम पंडित उर्फ मोनू निवासी सुनसुनिया, थाना पैकोलिया, जनपद बस्ती के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी पर संगठित गिरोह बनाकर धोखाधड़ी करने, बेईमानी से रंगदारी वसूलने और अन्य आपराधिक गतिविधियों के जरिए अवैध धन अर्जित करने के आरोप हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की संपत्तियों का विवरण जुटाया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्ति की रिपोर्ट तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजी। रिपोर्ट के परीक्षण के बाद डीएम ने उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 14(1) के तहत संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया।
डीएम के आदेश के अनुपालन में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लखनऊ के थाना बीबीडी क्षेत्र के ग्राम भरवारा में स्थित आरोपी के नवनिर्मित मकान को कुर्क कर लिया। यह मकान करीब 89.349 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्मित है। जिसकी अनुमानित कीमत 23,03,445 रुपये बताई गई है। कुर्की की कार्रवाई के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर विधिक प्रक्रिया पूरी की। एसपी का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक आरोपी तक सीमित नहीं है। बल्कि अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध, रंगदारी, धोखाधड़ी और अन्य अवैध गतिविधियों से कमाई गई संपत्ति को किसी भी कीमत पर सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा है। जबकि आम लोगों में कानून व्यवस्था के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।