
Gonda News: गोंडा में होमगार्ड भर्ती में सफल हुए 826 अभ्यर्थियों के लिए अगला चरण शुरू होने जा रहा है। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स कार्यालय ने स्वास्थ्य परीक्षण और पुलिस चरित्र सत्यापन का कार्यक्रम तय किया है। इसमें 661 पुरुष और 165 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। पुरुष अभ्यर्थियों का मेडिकल 12 अक्टूबर से शुरू होगा। जबकि महिलाओं की बारी 24 अक्टूबर से आएगी। सभी को निर्धारित तारीख पर जरूरी दस्तावेजों के साथ पुलिस लाइन पहुंचना होगा।
गोंडा जिले में होमगार्ड भर्ती में सफल अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया 12 अक्टूबर से शुरू होगी। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स कार्यालय को मिली सूची के अनुसार, कुल 826 अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण और पुलिस चरित्र सत्यापन कराया जाएगा। इनमें 661 पुरुष और 165 महिलाएं हैं। स्वास्थ्य परीक्षण पुलिस लाइन, गोंडा में सुबह 9 बजे से होगा। अभ्यर्थियों को मेरिट सूची में दर्ज क्रमांक के अनुसार अलग-अलग तारीखों पर बुलाया गया है।
पुरुष अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण 12 से 20 अक्टूबर तक कराया जाएगा। इसके बाद 21 से 23 अक्टूबर तक रिजर्व दिवस रखे गए हैं। इन दिनों उन पुरुष अभ्यर्थियों का परीक्षण किया जा सकेगा। जो किसी कारण से अपनी निर्धारित तारीख पर नहीं पहुंच पाए या जिनका परीक्षण नहीं हो सका। महिला अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण 24 से 26 अक्टूबर तक होगा। इनके लिए 27 अक्टूबर को रिजर्व दिवस निर्धारित किया गया है। प्रतिदिन करीब 75 अभ्यर्थियों का परीक्षण कराने की योजना है। अभ्यर्थियों को अपनी मेरिट के अनुसार निर्धारित तारीख की जानकारी पहले ही प्राप्त कर लेनी चाहिए।
स्वास्थ्य परीक्षण में अभ्यर्थियों की शारीरिक फिटनेस और सामान्य स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों का पुलिस चरित्र सत्यापन भी उसी दिन कराया जाएगा। इस दौरान उनके मूल अभिलेखों और पहचान पत्रों का मिलान किया जाएगा। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स कार्यालय की ओर से अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजे जा रहे हैं। जिन अभ्यर्थियों को अभी तक बुलावा पत्र नहीं मिला है। वे कार्यालय से संपर्क कर अपनी निर्धारित तारीख और जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
स्वास्थ्य परीक्षण और पुलिस सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को 12 पासपोर्ट साइज फोटो, 10 रुपये के स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र, मूल अभिलेख और उनकी एक सेट स्वप्रमाणित छायाप्रति साथ लानी होगी। पहचान के लिए आधार कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस भी जरूरी है। शैक्षिक योग्यता से जुड़े प्रमाणपत्रों के मूल दस्तावेज भी साथ रखने होंगे। जिला कमांडेंट होमगार्ड कृष्ण कुमार ने कि सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तारीख और समय पर पुलिस लाइन, गोंडा पहुंचने की अपील की है। दस्तावेज पूरे रखें। अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। रिजर्व दिवस पर परीक्षण का अवसर कार्यालय के निर्देशों के अनुसार ही मिलेगा।