गोंडा

‘एक मरे हो, बहुत मारे जाओगे’, विनोद साहनी मर्डर केस में विवादित बयान देने वाली काजल सिंह पर पुलिस का एक्शन

Vinod Sahani Murder: गोंडा में विनोद साहनी हत्याकांड के बीच सोशल मीडिया पर कथित विवादित पोस्ट को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया। पुलिस ने क्रिएटर काजल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
2 min read
Sep 13, 2026
Gonda News Today Vinod Sahani Murder Case
क्रिएटर काजल सिंह पर केस

Vinod Sahani Murder Case:गोंडा के बर्तन व्यापारी विनोद साहनी की हत्या के बाद जिले में तनाव का माहौल अभी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। इसी बीच सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इटियाथोक थाना क्षेत्र के मर्दनपुरवा गांव की रहने वाली सोशल मीडिया क्रिएटर काजल सिंह पर जातिगत वैमनस्य और माहौल बिगाड़ने वाला पोस्ट करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान

बताया जा रहा है कि काजल सिंह ने शनिवार देर रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया था। रविवार सुबह यह वीडियो तेजी से प्रसारित होने लगा। वीडियो में विनोद साहनी हत्याकांड का जिक्र करते हुए एक समुदाय के लोगों पर कई गंभीर टिप्पणियां की गई हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई। कुछ लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडियो और पोस्ट की जांच शुरू की।

विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर कही गई बातें

वायरल वीडियो में काजल सिंह कथित तौर पर विनोद साहनी हत्याकांड में मुख्य आरोपी बताए जा रहे शुभम सिंह का पक्ष लेती नजर आती हैं। वह निषाद पार्टी के लोगों को संबोधित करते हुए कथित तौर पर आपत्तिजनक और धमकी भरे अंदाज में बातें करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में वह कथित तौर पर समुदायों के बीच टकराव की बात करती हैं और प्रशासन को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी करती हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे पोस्ट से क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बन सकती है।

कौन हैं काजल सिंह?

काजल सिंह इटियाथोक थाना क्षेत्र के मर्दनपुरवा गांव की रहने वाली सोशल मीडिया क्रिएटर बताई जा रही हैं। स्थानीय स्तर पर वह पहले भी विवादों में रही हैं। जानकारी के मुताबिक, वह अपनी मांगों को लेकर दो बार मर्दनपुरवा गांव में और एक बार गोंडा मुख्यालय स्थित टावर पर भी चढ़ चुकी हैं।

पुलिस बोली- ऐसे पोस्ट पर होगी कार्रवाई

सीओ सदर अभिषेक दवाच्या के मुताबिक, काजल सिंह की ओर से सोशल मीडिया पर एक जाति विशेष के खिलाफ वैमनस्य की भावना और जातिगत घृणा फैलाने के उद्देश्य से कई पोस्ट किए गए हैं। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए इटियाथोक थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सीओ ने कहा कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, यदि कोई अन्य व्यक्ति भी सोशल मीडिया पर ऐसा पोस्ट करता है जिससे शांति भंग होने की संभावना हो, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पोस्ट पर पुलिस की नजर

विनोद साहनी हत्याकांड के बाद जिले में पहले से ही तनाव और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। ऐसे में सोशल मीडिया पर सामने आने वाले विवादित पोस्ट पुलिस के लिए नई चुनौती बन रहे हैं। फिलहाल काजल सिंह के वायरल वीडियो को लेकर पुलिस की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर होगी।

Updated on:
13 Sept 2026 04:06 pm
Published on:
13 Sept 2026 04:06 pm