गोंडा

Gonda News: पहले शराब की दुकान, फिर दो घरों में चोरी, पकड़े गए आरोपी ने पुलिस को बताई पूरी कहानी

Gonda News: गोंडा के मोतीगंज थाना क्षेत्र में शराब की दुकान और दो घरों में हुई चोरी की तीन घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर एक किशोर को संरक्षण में लिया। आरोपियों के पास से 30,600 रुपये नकद, चोरी के आभूषण, देशी शराब और चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद हुए।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 4:29 PM IST
Gonda
घटना की जानकारी देते CO पकड़ा गया आरोपी फोटो सोर्स विभाग

Gonda News: गोंडा जिले में शराब की दुकान और दो घरों में हुई चोरी की तीन घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। मोतीगंज पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जबकि उसके साथ मौजूद विधि का उल्लंघन करने वाले किशोर को पुलिस संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के आभूषण, 30,600 रुपये नकद, देशी शराब के 23 टेट्रा पैक और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 12 और 13 अक्टूबर 2026 की रात कहोबा-डुमरियाडीह रोड के किनारे स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में चोरी हुई थी। चोर दुकान की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे थे। वहां से बीयर, अंग्रेजी शराब और काउंटर में रखे रुपये चोरी कर लिए थे। इसके बाद 22 और 23 अक्टूबर की रात चोरों ने मोतीगंज थाना क्षेत्र के कुंदरुखी गांव में देशी शराब की दुकान और दो घरों को निशाना बनाया था। लगातार हुई चोरी की इन घटनाओं के बाद पुलिस चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

पकड़े गए आरोपी के साथ पुलिस टीम

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

मोतीगंज पुलिस की टीम क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल लोग मोटरसाइकिल से कुंदरुखी की तरफ से आ रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने चैनवापुर के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार दोनों लोग भागने लगे। हालांकि, पुलिस टीम ने घेरकर दोनों को पकड़ लिया। इनमें आशीष कुमार मिश्रा पुत्र भानु प्रताप मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। जबकि उसके साथ मौजूद एक किशोर को पुलिस संरक्षण में लिया गया।

30,600 रुपये नकद और चोरी के गहने बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से सफेद धातु की दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया और 30,600 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा देशी शराब के 23 टेट्रा पैक, एक सब्बल और एक पेचकस भी मिला। पुलिस के अनुसार, सब्बल और पेचकस का इस्तेमाल चोरी की घटनाओं में किया गया था।

पूछताछ में आरोपी ने बताई तीनों घटनाओं की कहानी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि उसने अपने साथियों अभिषेक तिवारी, कल्लू सोनकर और किशोर के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपी ने अंग्रेजी शराब की दुकान की खिड़की तोड़कर शराब और रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने कुंदरुखी गांव में श्रवण कुमार मौर्य और राम केतार के घरों तथा देशी शराब की दुकान में चोरी करने की बात भी बताई। आरोपी के अनुसार, चोरी का सामान बेचने से मिले रुपये आपस में बांट लिए गए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Updated on:
26 Oct 2026, 4:29 PM IST
Published on: